हरमनप्रीत और सुखजीत के दो-दो गोल से भारत ने चीन को 5-2 से हराया
जालंधर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को चीन को 5-2 से हरा दिया। ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और प्लेयर ऑफ द मैच सुखजीत सिंह ने दो-दो गोल किए, जबकि जुगराज सिंह ने एक गोल दागा। इस जीत के साथ गत चैंपियन भारत ने दो मैचों में छह अंक हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान बनाए रखा।
भारत की ओर से सुखजीत ने 12वें और 34वें मिनट में गोल किए। हरमनप्रीत ने 27वें और 31वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि जुगराज ने 47वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से गोल किया। चीन की ओर से यांग पेंग ने 26वें और चेन चोंगचोंग ने 36वें मिनट में गोल किए।
भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन चीन ने मजबूत रक्षात्मक रणनीति के दम पर मेजबान टीम को आसानी से मौके नहीं बनाने दिए। 12वें मिनट में जुगराज के लंबे हवाई पास को नियंत्रित करने के बाद सुखजीत ने आगे बढ़ते गोलकीपर के ऊपर से गेंद उठाकर शानदार गोल किया। चीन ने 14वें मिनट में बराबरी का प्रयास किया, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने लगातार दो बचाव कर बढ़त कायम रखी।
दूसरे क्वार्टर में चीन ने 26वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। हालांकि, भारत ने तुरंत जवाब दिया और अगले ही मिनट हरमनप्रीत ने अपनी दमदार ड्रैग-फ्लिक से टीम को फिर बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारत 2-1 से आगे था।
तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत ने 31वें मिनट में एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। इसके तीन मिनट बाद सुखजीत ने अपना दूसरा गोल दागा। आदित्य अर्जुन लालगे ने कप्तान के हवाई पास को नियंत्रित कर गेंद सुखजीत की ओर बढ़ाई, जिसे उन्होंने गोल में पहुंचा दिया। चीन ने 36वें मिनट में चेन चोंगचोंग के पेनाल्टी कॉर्नर गोल से अंतर घटाकर 2-4 कर दिया।
अंतिम क्वार्टर में भारत ने गोल करने के प्रयास जारी रखे। 47वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर सटीक फ्लिक लगाकर भारत का पांचवां गोल किया। मैच के अंतिम चरण में हरमनप्रीत को हैट्रिक पूरी करने का मौका मिला, लेकिन चीन के गोलकीपर वू हुआन्यू ने शानदार बचाव कर उन्हें रोक दिया।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय