श्रीलंका में चमके गुजरात के दिव्यांग क्रिकेटर, भारत ने जीती टी-20 श्रृंखला

 




सूरत, 06 मई (हि.स.)। श्रीलंका में 1 से 6 मई 2026 तक आयोजित “रेडियंट पैरा टी-20 क्रिकेट श्रृंखला” में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रृंखला अपने नाम कर ली। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में गुजरात के तीन दिव्यांग खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाकर देश और राज्य का गौरव बढ़ाया।

सूरत सूचना विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भारत और श्रीलंका के बीच खेली गई इस टी-20 श्रृंखला में गुजरात के चिराग गांधी, रिजवान लिबादा और मुनाफ पटेलवाला भारतीय टीम का हिस्सा रहे। तीनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

भारतीय टीम के उपकप्तान चिराग गांधी ने श्रृंखला की तीसरी और निर्णायक टी-20 मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने बल्लेबाजी में 13 गेंदों पर 16 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में 3.3 ओवर में केवल 19 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनके इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।

चिराग गांधी ने पूरी श्रृंखला में लगातार बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 मैचों में कुल 5 विकेट अपने नाम किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें पूरी श्रृंखला का “सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज” पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

गुजरात के इन दिव्यांग खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से खेल जगत में खुशी की लहर है और प्रदेशवासियों ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे