फ्रेंच ओपन 2026 : मीरा आंद्रीवा बनीं चैंपियन, 1992 के बाद पेरिस में खिताब जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी
पेरिस, 06 जून (हि.स.)। रूस की युवा टेनिस स्टार मीरा आंद्रीवा ने फ्रेंच ओपन 2026 का महिला एकल खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। 19 वर्षीय आंद्रीवा ने शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में क्वॉलीफायर माजा च्वालिंस्का को 6-3, 6-2 से हराकर अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया।
इस जीत के साथ आंद्रीवा 1992 के बाद पेरिस में फ्रेंच ओपन महिला एकल खिताब जीतने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले यह उपलब्धि महान खिलाड़ी मोनिका सेलेस ने हासिल की थी।
पेरिस का प्रतिष्ठित स्टेड रोलैं-गैरो में खेले गए फाइनल में शुरुआती कुछ गेम्स में दोनों खिलाड़ियों को हवा के कारण लय हासिल करने में कठिनाई हुई। हालांकि आंद्रीवा ने जल्द ही अपने खेल पर नियंत्रण पा लिया और लगातार नौ गेम जीतकर मुकाबले को पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया।
करीब एक घंटा 22 मिनट तक चले इस मुकाबले के बाद आंद्रिवा भावुक नजर आईं। जीत सुनिश्चित होते ही वह कोर्ट पर बैठ गईं और अपनी कोच कोंचिता मार्टिनेज़ को गले लगाकर खुशी साझा की। मार्टिनेज ने आंद्रीवा के विकास और सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पुरस्कार वितरण समारोह में आंद्रीवा ने कहा कि बचपन से वह टेलीविजन पर फ्रेंच ओपन देखती थीं और इस टूर्नामेंट को जीतना उनका सपना था। उन्होंने कहा कि ट्रॉफी हाथ में लेकर उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि उनका सपना सच हो गया है।
आंद्रीवा का यह खिताबी सफर भी बेहद प्रभावशाली रहा। वर्ष 2023 में उन्होंने क्वालीफायर के रूप में टूर्नामेंट में प्रवेश कर सेमीफाइनल तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। दो वर्ष बाद उन्होंने उसी मंच पर खिताब जीतकर खुद को महिला टेनिस की सबसे उभरती हुई सितारों में शामिल कर लिया है।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ आंद्रीवा ने न केवल अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता, बल्कि महिला टेनिस के भविष्य की सबसे मजबूत दावेदारों में अपनी जगह भी पक्की कर ली है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय