कारगिल के वीरों को साइकिल रैली से नमन, फिट इंडिया ने शुरू किया वालंटियर कार्यक्रम
नई दिल्ली, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट के प्रमुख अभियान ‘संडेज ऑन साइकिल’ के 83वें संस्करण का आयोजन देशभर में किया गया। इस अवसर पर नागरिकों, सशस्त्र बलों के जवानों, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने साइकिल रैलियों में भाग लेकर वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी मौके पर फिट इंडिया वालंटियर्स कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई।
यह अभियान देश के प्रमुख शहरों के साथ-साथ भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के प्रशिक्षण केंद्रों में लेह से कन्याकुमारी तक आयोजित किया गया। युवा खिलाड़ियों और नागरिकों ने साइकिल चलाकर भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, बलिदान और राष्ट्र सेवा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी, विद्यार्थी, फिटनेस प्रेमी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। इस दौरान प्रतिभागियों ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में शामिल मेजर शुभांशु भारद्वाज ने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं को देश के वीर सैनिकों को याद करने के लिए एक साथ देखना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यदि देश को आगे बढ़ना है तो प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ और फिट होना आवश्यक है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के मैत्रेयी कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी कॉलेज के हीरक जयंती समारोह के तहत इस अभियान में भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं की भागीदारी, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के बीच संबंध को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और नीति आयोग के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत ने फिट इंडिया अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने मैत्रेयी कॉलेज की खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के प्रति प्रतिबद्धता की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर शुरू किए गए फिट इंडिया वालंटियर्स कार्यक्रम को विद्यार्थियों का अच्छा रिस्पांस मिला। कई छात्रों ने फिट इंडिया पोर्टल पर स्वयं को पंजीकृत कराया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल एवं फिटनेस आयोजनों के संचालन का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और उनके योगदान को प्रमाणपत्र के माध्यम से सम्मानित करना है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय