फिट युवा, नशामुक्त युवा से ही बनेगा विकसित भारत: मांडविया

 


गांधीनगर, 22 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं का फिट, स्वस्थ और नशामुक्त होना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से साइकिल चलाने को अपना जुनून बनाने और इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने यह बातें रविवार को फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल के 99वें संस्करण के दौरान कहीं। उन्होंने गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के साथ गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। संविधान दिवस की थीम पर आधारित 99वां संस्करण रविवार को देशभर के 26,000 स्थानों पर आयोजित किया गया।

डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार विकसित भारत के निर्माण की दिशा में काम कर रही हैं। संडेज ऑन साइकिल के 99वें संस्करण में देशभर के 26,000 स्थानों पर लोगों की भागीदारी इस अवसर को विशेष बनाती है, खासकर तब जब हम 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिटनेस केवल कुछ घंटों या किसी विशेष दिन तक सीमित नहीं होनी चाहिए बल्कि इसे हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बनना चाहिए।

केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि साइकिल चलाना केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं है बल्कि यह फिटनेस को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने का एक माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को न केवल अपने करियर के प्रति बल्कि फिटनेस और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को लेकर भी जागरूक होना चाहिए।

डॉ. मांडविया ने साइकिल चलाने को लोकप्रिय जीवनशैली विकल्प बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि साइकिल चलाने में अधिक जनभागीदारी से फिटनेस को बढ़ावा मिलेगा और एक स्वस्थ समाज का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि जब छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास एक साथ मिलते हैं, तो वे बड़ा बदलाव ला सकते हैं और विकसित भारत के दृष्टिकोण में योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि फिट इंडिया का सरल मंत्र है कि प्रत्येक नागरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बने। जब हमारे नागरिक फिट होंगे, तो हमारा समाज स्वस्थ होगा और एक समृद्ध राष्ट्र के निर्माण के लिए स्वस्थ समाज आवश्यक है। आइए हम सभी मिलकर फिटनेस को प्राथमिकता दें और विकसित भारत की यात्रा में योगदान करें।

देशभर में बढ़ती जनभागीदारी को आगे बढ़ाते हुए डॉ. मांडविया ने घोषणा की कि 29 नवंबर को संडेज ऑन साइकिल का 100वां संस्करण देश में ओलंपिक आंदोलन का जश्न मनाएगा।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने संडेज ऑन साइकिल में देशभर में बढ़ती जनभागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिटनेस को अपनी नियमित आदत बनाने के लिए प्रेरित कर रही है।

फिट इंडिया के ब्रांड एंबेसडर राकेश सैनी और भीष्म माधानी के साथ-साथ फिट इंडिया चैंपियन भानु और उर्वी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र गांधीनगर द्वारा किया गया। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह