फीफा सीरीज 2026 : भारत ने मलावी को 3-2 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया

 


नैरोबी, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने फीफा सीरीज 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए मलावी को 3-2 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया है। केन्या के नैरोबी स्थित नयायो नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने आखिरी समय में निर्णायक गोल कर रोमांचक जीत दर्ज की।

भारत की ओर से अस्तम ओरांव (18वें मिनट), अवेका सिंह (पहले हाफ के अतिरिक्त समय) और प्रियदर्शिनी सेलादुरई (84वें मिनट) ने गोल दागे। इसके अलावा मलावी के लिए खुमालो इरिन और हेनरी डेबोरा ने गॉले।

भारतीय टीम ने मैच की तेज शुरुआत की और 18वें मिनट में अस्तम ओरांव ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, मलावी ने 42वें मिनट में शानदार फ्री-किक के जरिए बराबरी कर ली। इसके तुरंत बाद भारत ने जवाब देते हुए पहले हाफ के अतिरिक्त समय में अवेका सिंह के गोल से 2-1 की बढ़त हासिल कर ली।

दूसरे हाफ में मलावी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 60वें मिनट में एक बार फिर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण हो गया और दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।

मैच के अंतिम क्षणों में, जब मुकाबला पेनल्टी शूटआउट की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी 84वें मिनट में प्रियदर्शिनी सेलदुरई ने शानदार गोल कर भारत को निर्णायक बढ़त दिला दी।

गोलकीपर श्रेया हुड्डा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कई अहम बचाव किए, जिससे टीम को जीत बनाए रखने में मदद मिली।

इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले सेमीफाइनल में भारत को केन्या के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय