स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश के लिए मुख्य परीक्षा बुधवार से

 


चयन परीक्षा लखनऊ, गोरखपुर, सैफई और वाराणसी स्थित स्पोर्ट्स कॉलेजों में होगी आयोजित

मुरादाबाद, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए अच्छी खबर है। स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रवेश के लिए मुख्य चयन परीक्षा तीन जून से शुरू होगी। इसके लिए खेल विभाग की ओर से कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।चयन परीक्षा लखनऊ, गोरखपुर, सैफई और वाराणसी स्थित स्पोर्ट्स कॉलेजों में आयोजित होगी।

क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि प्रारंभिक चयन ट्रायल्स में सफल खिलाड़ियों को अब मुख्य चयन परीक्षा में शामिल होना होगा। मेरिट सूची कॉलेज की वेबसाइट और खेल साथी पोर्टल पर उपलब्ध है। खिलाड़ी अपना नाम सूची में देखकर तय तिथि और स्थान पर पहुंचकर ट्रायल देंगे।जिसमें तीन और चार जून को एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, कबड्डी और तैराकी के ट्रायल होंगे। वहीं पांच और छह क्रिकेट, जिम्नास्टिक, कुश्ती और जूडो की मुख्य चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी।

उन्होंने आगे बताया कि चयन परीक्षा में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की दोनों दिन उपस्थिति अनिवार्य होगी। खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा। अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी क्षेत्रीय खेल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल