डीपीएल 2026ः ईस्ट दिल्ली राइडर्स का ऑलराउंड प्रदर्शन, न्यू दिल्ली टाइगर्स को 36 रन से हराया
नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स को 36 रन से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 192/7 रन बनाए।
राइडर्स को वंश मेहरा और अर्पित राणा ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.4 ओवर में 62 रन जोड़े। मेहरा ने 35 और राणा ने 33 रन बनाए। इसके बाद मयंक रावत ने 23 गेंदों में चार छक्कों की मदद से 40 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि सूर्यांश रैना ने 33 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। टाइगर्स की ओर से ऋषभ शर्मा ने 3/34 और लक्ष्मण ने 2/31 विकेट लिए।
193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने से उसकी स्थिति कमजोर होती गई। टीम 10.2 ओवर में 94/4 पर पहुंच गई। इसके बाद कप्तान हिम्मत सिंह और लक्ष्य थरेजा ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन जोड़कर पारी संभालने की कोशिश की। हालांकि, मयंक रावत ने हिम्मत को 31 रन पर आउट कर यह साझेदारी तोड़ दी।
इसके बाद टाइगर्स की पारी लड़खड़ा गई और पूरी टीम 156 रन पर ऑलआउट हो गई। राइडर्स के लिए आशीष मीना ने 3/32 और मयंक यादव ने 2/9 विकेट लिए।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय