बारिश के चलते यूपी टी-20 लीग के प्लेऑफ और फाइनल अब लखनऊ में होंगे
रिपोर्ट: अभिषेक अर्जुन सिंह
स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट | Live VNS
- खिलाड़ियों की सुरक्षा, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और बेहतर खेल परिस्थितियां सर्वोच्च प्राथमिकता : डॉ. संजय कपूर
कानपुर। लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों को कानपुर से लखनऊ स्थानांतरित कर दिया गया है। अब सभी निर्णायक मुकाबले पूर्व निर्धारित तिथियों पर लखनऊ स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने रविवार को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस फैसले की जानकारी दी।
डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग प्रबंधन के लिए खिलाड़ियों के हित, सभी टीमों को समान अवसर उपलब्ध कराना, बेहतर खेल परिस्थितियां सुनिश्चित करना और मुकाबलों की गुणवत्ता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि कानपुर में लगातार हो रही बारिश के कारण मैचों को पूरा कराना मुश्किल हो रहा है, जिसका असर खेल की गुणवत्ता और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पड़ रहा है। ऐसे में प्लेऑफ जैसे महत्वपूर्ण और निर्णायक मुकाबलों में सभी टीमों को पूरे 20 ओवर खेलने का समान और उचित अवसर मिलना आवश्यक है।
डॉ. कपूर ने बताया कि आने वाले दिनों के मौसम पूर्वानुमान का भी अध्ययन किया गया है, जिसमें कानपुर में लगातार बारिश की संभावना जताई गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों को लखनऊ स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला किसी भी टीम के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि खेल की निष्पक्षता और खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। लगातार बारिश के कारण गीली आउटफील्ड से खिलाड़ियों के चोटिल होने का खतरा भी बढ़ सकता है।
उन्होंने कहा कि बार-बार बारिश के कारण मैचों में रुकावट और देर रात तक छोटे प्रारूप में मुकाबले समाप्त होने से खिलाड़ियों पर शारीरिक और मानसिक थकान का असर पड़ता है। प्लेऑफ में पहुंचने वाली सभी टीमों को अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करने के लिए बेहतर परिस्थितियां मिलनी चाहिए।
लीग प्रबंधन का प्रयास है कि खिलाड़ियों को पूरे 20 ओवर खेलने का अवसर मिले, दर्शक निर्बाध क्रिकेट का आनंद ले सकें और टीमें अपनी रणनीति एवं क्षमता का पूरा प्रदर्शन कर सकें।
डॉ. संजय कपूर ने बताया कि प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले अपनी पूर्व निर्धारित तिथियों पर ही लखनऊ में आयोजित किए जाएंगे।
यूपी टी-20 लीग प्रबंधन ने कानपुर चरण के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों और सभी सहयोगी संस्थाओं से मिले समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।