डीपीएल 2026: यश धुल और सिद्धार्थ जून का तूफान, सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को 9 विकेट से रौंदा
नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में न्यू दिल्ली टाइगर्स को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले को बारिश के कारण 18-18 ओवर का कर दिया गया था। टाइगर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 185 रन बनाए, लेकिन किंग्स ने आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
न्यू दिल्ली टाइगर्स के कप्तान हिम्मत सिंह ने महज 21 गेंदों पर 46 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। केशव दलाल सिंह ने 31 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि मनीष सहरावत ने डेथ ओवरों में तेजी से रन बटोरते हुए 19 गेंदों में 37 रन जोड़े। टाइगर्स ने 18 ओवर में आठ विकेट खोकर 185 रन का स्कोर खड़ा किया।
सेंट्रल दिल्ली किंग्स के गेंदबाजों ने हालांकि नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए। गवनिश खुराना सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान यश धुल और सिद्धार्थ जून ने पहले विकेट के लिए 126 रन की विशाल साझेदारी कर मुकाबले का रुख एकतरफा कर दिया।
धुल ने टाइगर्स के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए केवल 28 गेंदों में 76 रन ठोक दिए। उनकी पारी में छह चौके और आठ छक्के शामिल रहे। धुल के आउट होने के बाद जून ने युगल सैनी के साथ मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े और टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया।
सिद्धार्थ जून ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रखते हुए 34 गेंदों में नाबाद 83 रन बनाए। विकेट हाथ में होने और रन गति पूरी तरह नियंत्रण में रहने के कारण सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय