दिव्यांश के शतक और विशाल-ज़ीशान की घातक गेंदबाजी से मेरठ मावेरिक्स दूसरी बार UPT20 चैंपियन

लखनऊ। यूपी टी20 लीग 2026 के फाइनल मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ फाल्कन्स को 94 रनों से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल में मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 203/7 रन बनाए, जिसके जवाब में लखनऊ की पूरी टीम 16 ओवर में 109 रन पर सिमट गई।
 

अभिषेक अर्जुन सिंह । स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट, Live VNS

  • फाइनल में लखनऊ फाल्कन्स को 94 रनों से दी करारी शिकस्त, दिव्यांश जोशी ने 40 गेंदों में जड़ा तूफानी शतक; ज़ीशान अंसारी बने पर्पल कैप विजेता

लखनऊ। यूपी टी20 लीग 2026 के फाइनल मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ फाल्कन्स को 94 रनों से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल में मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 203/7 रन बनाए, जिसके जवाब में लखनऊ की पूरी टीम 16 ओवर में 109 रन पर सिमट गई।

दिव्यांश जोशी ने मचाया तूफान
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ मावेरिक्स को स्वास्तिक चिकारा और दिव्यांश जोशी ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। स्वास्तिक के आउट होने के बाद दिव्यांश ने पारी की पूरी कमान संभाल ली।

दिव्यांश जोशी ने महज 40 गेंदों पर 105 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 12 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत मेरठ ने 20 ओवर में 203/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

विशाल चौधरी के आगे लखनऊ के बल्लेबाज बेबस
204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मेरठ के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा।

अजीत वर्मा ने 24 गेंदों पर 39 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन उनके रन आउट होने के बाद लखनऊ की उम्मीदें लगभग समाप्त हो गईं।

मेरठ के तेज गेंदबाज विशाल चौधरी ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं ज़ीशान अंसारी ने 2 विकेट झटकते हुए टूर्नामेंट में अपने विकेटों की संख्या 25 तक पहुंचा दी और पर्पल कैप अपने नाम की।

लखनऊ की टीम 16 ओवर में 109 रन पर सिमट गई और मेरठ मावेरिक्स ने 94 रनों से शानदार जीत दर्ज करते हुए दूसरी बार UPT20 ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

सीजन के प्रमुख पुरस्कार

  • प्लेयर ऑफ द मैच (फाइनल): दिव्यांश जोशी — 105 रन, 40 गेंद
  • पर्पल कैप: ज़ीशान अंसारी — 25 विकेट
  • ऑरेंज कैप: करण शर्मा (काशी रुद्राक्स) — 361 रन