दिनेश कार्तिक के घर गूंजी किलकारी, पत्नी दीपिका ने दिया बेटी को जन्म

 


नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्रि पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक के घर लक्ष्मी का आगमन हुआ है। पत्नी दीपिका पल्लीकल ने बेटी को जन्म दिया है। कार्तिक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ये खुशखबरी प्रशंसकों साथ साझा की है। इसमें कार्तिक ने अब अपनी नन्ही बेटी के नाम का भी खुलासा किया है।

दिनेश कार्तिक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर टेक्स्ट इमेज शेयर किया, जिसमें लिखा था, हमारे दिल में आशीर्वाद और शब्दों से परे कृतज्ञता के साथ, हम खुशी-खुशी अपनी प्यारी बेटी का दुनिया में स्वागत करते हैं। कबीर और जियान अपनी नन्ही बहन से मिलने के लिए उत्साहित हैं। राहा पल्लिकल कार्तिक, प्यार दीपिका और दिनेश।

दीपिका पल्लीकल दिनेश कार्तिक की दूसरी पत्नी हैं। पहली पत्नी से तलाक से बाद साल 2015 में कार्तिक ने स्क्वैश खिलाड़ी दीपिका पल्लिकल से शादी रचाई थी। दोनों ही अपने-अपने क्षेत्र में अच्छे खिलाड़ी रहे हैं। कपल तीसरे बच्चे के माता-पिता बने हैं। दंपति के पहले से ही दो बेटे हैं, कबीर और जियान। अब परिवार में एक बेटी के आने से घर खुशियों से भर गया है।

दिनेश कार्तिक के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने अपने करियर के दौरान भारत के लिए 26 टेस्ट, 94 वनडे और 60 टी-20 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने तीनों प्रारूपों में 3463 रन बनाए। 257 आईपीएल मैचों में 4842 रन बनाए हैं। कार्तिक ने 2024 में क्रिकेट से संन्यास लिया था। वर्तमान में वह आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह