देवरिया : 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय कुश्ती प्रतियोगिता 25 सितंबर से, तैयारियां पूरी
देवरिया, 24 सितंबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया में 25 से 29 सितंबर तक 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय कुश्ती (ग्रीको-रोमन एवं फ्रीस्टाइल) बालक-बालिका प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विद्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों के अलावा स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की टीमें प्रतिभाग करेंगी। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए बालक और बालिकाओं की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क बनाए गए हैं।
आवासीय विद्यालयों में सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रधानाचार्यों को नोडल बनाया गया है। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा गार्ड तथा चिकित्सा विभाग की ओर से खेल मैदान में एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। नगर पालिका की ओर से पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है।
खेल प्रशिक्षकों के ठहरने की व्यवस्था शहर के विभिन्न होटलों में की गई है। सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए राजकीय इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है। आयोजन के लिए उद्घाटन, समापन, पुरस्कार, आवास, मीडिया, अनुशासन, तकनीकी और चिकित्सा समेत विभिन्न समितियां गठित की गई हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 25 सितंबर को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही करेंगे। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक पंडित गिरीश चंद्र तिवारी करेंगे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाचार्य, खेल शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक