इंग्लैंड वनडे और जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज से बाहर हुए हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती

 


नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में बदलाव किया है। गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्षित राणा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के चलते सीरीज से बाहर हो चुके हैं। बीसीसीआई ने इन दोनों खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का ऐलान भी कर दिया है।

बीसीसीआई ने रविवार को बताया कि ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच के दौरान हर्षित राणा को दाहिनी हैमस्ट्रिंग में अचानक तकलीफ महसूस हुई। बाद में हुए स्कैन से पता चला कि उन्हें ग्रेड 1 हैमस्ट्रिंग चोट लगी है। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है और वे आगे की जांच और इलाज के लिए बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे।

चक्रवर्ती को भी इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 मैच के दौरान अपनी बाईं हैमस्ट्रिंग में अचानक तकलीफ महसूस हुई। बाद में एमआरआई स्कैन से पता चला कि उन्हें ग्रेड 2 हैमस्ट्रिंग चोट लगी है। मेडिकल विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर, उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है। वे आगे के इलाज के लिए बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करेंगे।

बीसीसीआई ने दोनों चोटिल खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का ऐलान करते हुए बताया कि पुरुष चयन समिति ने वनडे और टी-20 टीमों में हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती की जगह क्रमशः प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई को शामिल किया है।

इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 4-0 से हारने के बाद भारतीय टीम 14 जुलाई से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इसके बाद टीम जिम्बाब्वे जाएगी, जहां तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी। दोनों टीमों के बीच सीरीज का पहला मैच 23 जुलाई को हरारे में खेला जाएगा।

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे के लिए अपडेटेड भारतीय टीमशुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव।

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए अपडेटेड भारतीय टीमश्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह