हेगले ओवल की पिच पर अब भी तेज गेंदबाजों के लिए मदद मौजूद : काइल जैमीसन
क्राइस्टचर्च (न्यूजीलैंड), 29 नवंबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन का मानना है कि क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल की पिच पर अब भी तेज गेंदबाजों के लिए पर्याप्त मदद मौजूद है। हालांकि, उन्होंने कहा कि विकेट हासिल करने के लिए गेंदबाजों को सही लाइन-लेंथ के साथ धैर्य और अनुशासन बनाए रखना होगा।
भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पहली पारी में भारत को 246 रन पर समेटने के बाद मेजबान टीम ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 133 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 243 रन हो गई है।
क्रिकइंफो के अनुसार जैमीसन ने दिन का खेल समाप्त होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कुछ गलत शॉट निकलवाना थोड़ा मुश्किल था। हमें कई बार बल्लेबाजों के बल्ले का बाहरी किनारा मिला लेकिन गेंद हाथ में नहीं आई। हालांकि, हमने धैर्य बनाए रखा और उस समय यही जरूरी था।
उन्होंने भारतीय निचले क्रम के बल्लेबाजों, खासकर ध्रुव जुरेल की तारीफ की। जुरेल ने 170 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 88 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने एक समय 116 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद पहली पारी में 246 रन बनाए।
क्रिकइंफो के मुताबिक जैमीसन ने कहा कि मुझे लगता है कि हमने 30 से ज्यादा बार बल्लेबाजों के बाहरी किनारे को छुआ लेकिन विकेट नहीं मिल सका। ध्रुव जुरेल ने शानदार बल्लेबाजी की। क्रीज पर जितना अधिक समय बिताया, उनके लिए बल्लेबाजी करना उतना ही आसान होता गया। उन्होंने धैर्य के साथ टिककर शानदार काम किया।
भारत की पहली पारी में चार विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ने कहा कि पुरानी गेंद से भी सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करके बल्लेबाजों को परेशान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज हमने देखा कि पुरानी गेंद से भी अगर आप सही जगह पर गेंद डालते हैं और ऑफ स्टंप से चौथे-पांचवें स्टंप की लाइन पर गेंदबाजी करते हैं तो पिच से मदद मिलती है। गेंद में अब भी उछाल और मूवमेंट था। भारत की गेंदबाजी देखते हुए भी लगा कि पिच पर अभी कुछ न कुछ मदद मौजूद है।
न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में भी अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। दिन का खेल खत्म होने तक रचिन रवींद्र 46 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि डेरिल मिचेल 5 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने कप्तान टॉम लैथम और हेनरी निकोल्स के विकेट लिए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने डेवोन कॉनवे को 51 रन के स्कोर पर आउट किया।
मैच के अंतिम दो दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए न्यूजीलैंड की पारी घोषित करने की रणनीति अहम हो सकती है। इस बारे में जैमीसन ने कहा कि यह ऐसी चीज है जिस पर टॉम (लैथम) और रॉब (वाल्टर) चर्चा करेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि मौसम पर तो आपका कोई कंट्रोल नहीं होता। अगर आप खेल की गति को जबरदस्ती बढ़ाने की कोशिश करेंगे या बहुत जल्दी नतीजे तक पहुंचने की कोशिश करेंगे तो यह उल्टा भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मौसम का पूर्वानुमान बदलता रहता है। मुझे लगता है कि कल सुबह यानी 24 घंटे पहले हमें स्थिति का कुछ अंदाजा मिल जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह