बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मार्करम करेंगे कप्तानी, बावुमा चोट के कारण बाहर

 




सेंचुरियन, 22 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ सोमवार यानी 23 नवंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए अपनी प्लेइंग-11 घोषित कर दी है। टीम ने पहले टेस्ट की तुलना में दो बदलाव किए हैं। नियमित कप्तान टेम्बा बावुमा की गैरमौजूदगी में एडेन मार्करम टीम की कप्तानी करेंगे। वहीं, टोनी डी जोरजी को बावुमा की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। इसके अलावा तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्टजे की भी टीम में वापसी हुई है।

आईसीसी के अनुसार बावुमा पहले टेस्ट के दौरान बल्लेबाजी करते समय दाहिनी पिंडली में खिंचाव आने के कारण बाहर हो गए हैं। उनकी जगह शामिल किए गए टोनी डी जोरजी ने अब तक 17 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल 919 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 177 रन है, जो उन्होंने 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ ही बनाया था।

वहीं, गेंदबाजी विभाग में एनरिक नॉर्टजे की वापसी हुई है। उन्हें डेन पैटरसन की जगह टीम में शामिल किया गया है। नॉर्टजे की वापसी से दक्षिण अफ्रीका का तेज गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत होगा।

दक्षिण अफ्रीका ने जोहान्सबर्ग में खेले गए पहले टेस्ट में पांचवें दिन जीत दर्ज करते हुए दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। अब टीम की नजरें सेंचुरियन टेस्ट जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होंगी। दूसरी ओर, बांग्लादेश की टीम दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज बराबर करना चाहेगी।

आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में दक्षिण अफ्रीका फिलहाल शीर्ष स्थान पर है, जबकि बांग्लादेश पांचवें स्थान पर काबिज है। दूसरा टेस्ट 23 से 27 नवंबर तक सेंचुरियन में खेला जाएगा।

दूसरे टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम (कप्तान), मार्केस एकरमैन, जुबैर हमजा, टोनी डी जोरजी, मैथ्यू ब्रीट्जके, रयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, मार्को जानसन, साइमन हार्मर, कैगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह