भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम घोषित

 


नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के खिलाफ आगामी पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी टीम घोषित कर दी । फिन एलन, लॉकी फर्ग्यूसन, रचिन रवींद्र और टिम सीफर्ट को टीम में शामिल किया गया है, जबकि मिचेल सैंटनर टीम की कप्तानी करेंगे।

वनडे सीरीज की शुरुआत 4 नवंबर को ऑकलैंड (न्यूजीलैंड) के ईडन पार्क में होगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के अनुसार टीम जनवरी में भारत के खिलाफ मिली ऐतिहासिक वनडे सीरीज जीत के प्रदर्शन को दोहराने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। न्यूजीलैंड ने जनवरी में भारत को उसकी घरेलू सरजमीं पर 2-1 से हराकर पहली बार भारतीय जमीन पर वनडे सीरीज जीतने का कारनामा किया था।

न्यूजीलैंड ने इस वनडे सीरीज के पहले तीन मैचों के लिए अलग और आखिरी 2 मैचों के लिए अलग टीम का ऐलान किया है। सीरीज के तीसरे वनडे के बाद न्यूजीलैंड टीम के कुछ खिलाड़ी आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वेलिंगटन रवाना होंगे। ऐसे में चौथे और पांचवें वनडे के लिए सात अतिरिक्त खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया जाएगा।

फिन एलन और लॉकी फर्ग्यूसन ने आखिरी बार 2023 में वनडे मुकाबला खेला था। फर्ग्यूसन का पिछला वनडे मैच मुंबई में भारत के खिलाफ आईसीसी क्रिकेट विश्व कप का सेमीफाइनल था। वहीं, टिम सीफर्ट ने लगभग 18 महीने पहले पाकिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड की घरेलू सीरीज में आखिरी बार वनडे क्रिकेट खेला था। कंधे की चोट के कारण न्यूजीलैंड की टी20 टीम से बाहर हुए रचिन रवींद्र वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों में वापसी करेंगे।

न्यूजीलैंड की वनडे टीम

पहले तीन वनडे के लिए टीम:

मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, विल यंग और ब्लेयर टिकनर।

चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम:

मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, लॉकी फर्ग्यूसन, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर और विल यंग।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह