न्यूजीलैंड के नाथन स्मिथ 'जून 2026' के लिए आईससी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुने गए
दुबई, 20 जुलाई (हि.स.)। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ को 'जून 2026' के लिए आईसीसी मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। उन्होंने पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 से टेस्ट सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने भारत की टेस्ट एवं वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल और बांग्लादेश के खिलाड़ी मोसाद्देक हुसैन जैसे दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए यह अवॉर्ड जीता है।
नाथन स्मिथ ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से जारी बयान में कहा कि यह वाकई बहुत खास है। इंग्लैंड का दौरा टीम के लिए बहुत अच्छा रहा और यह बहुत बढ़िया बात है। मैं आम तौर पर व्यक्तिगत अवॉर्ड के लिए नहीं खेलता, लेकिन यह पहचान मिलना अच्छा लगता है और इससे भी जरूरी बात यह है कि मैंने सीरीज जीतने में योगदान दिया।
तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि व्यक्तिगत रूप से जीत में योगदान देना बहुत संतोषजनक रहा। न्यूजीलैंड के लिए मैं बस यही करना चाहता हूं, पूरी कोशिश करना और जिस भी तरह से हो सके, योगदान देना।
28 साल के इस खिलाड़ी ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में 16 विकेट लिए थे। उनका सबसे शानदार प्रदर्शन पहले टेस्ट में रहा, जहां स्मिथ ने पहली पारी में तीन विकेट लिए और फिर दूसरी पारी में 6 विकेट हासिल किए। हालांकि उनकी यह कोशिश टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रही।
उन्होंने दूसरे टेस्ट में सिर्फ एक विकेट लिया, लेकिन दूसरी पारी में बल्ले से 38 रन का अहम योगदान दिया। सीरीज के निर्णायक मैच में पहली पारी में स्मिथ ने 4 विकेट और दूसरी पारी में दो विकेट लिए, जिससे न्यूजीलैंड टीम 2-1 से सीरीज जीतने में कामयाब रही।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह