नमन धीर की प्रतिभा के कायल इरफान पठान ने कहा, वह बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी भी कर सकते हैं

 


मुंबई, 20 सितंबर (हि.स.)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल ऑलराउंडर नमन धीर की तारीफ की है। पठान का मानना है कि नमन धीर जैसे खिलाड़ी की भारतीय वनडे टीम में कमी महसूस होती रही है क्योंकि वह बल्लेबाजी क्रम में अलग-अलग स्थानों पर योगदान देने के साथ-साथ उपयोगी गेंदबाजी भी कर सकते हैं।

इरफान पठान ने जियो हॉटस्टार के कार्यक्रम 'फॉलो द ब्लूज' में नमन धीर के चयन पर अपनी राय रखी। भारत को 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इस सीरीज के लिए घोषित टीम में नमन का नाम भी शामिल रहा।

इरफान ने नमन धीर की प्रतिभा की तारीफ करते हुए कहा कि मैं नमन धीर की बहुत तारीफ करता हूं। मुझे लगता है कि वह बहुत प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। घरेलू क्रिकेट में उनके अच्छे प्रदर्शन के अलावा, उन्हें उनकी गेंदबाजी की क्षमता की वजह से भी चुना गया है। उन्होंने आगे कहा कि नमन ऐसा बल्लेबाज है जो टीम की जरूरत के मुताबिक ऊपरी और निचले दोनों क्रम में बल्लेबाजी कर सकता है। साथ ही अच्छी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी भी कर सकता है। मुझे लगता है कि वनडे टीम में ऐसे खिलाड़ी की थोड़ी कमी रही है।

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने नमन धीर के चयन के पीछे टीम कॉम्बिनेशन को भी अहम वजह बताया। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स की वजह से वॉशिंगटन सुंदर उपलब्ध नहीं हैं और रियान पराग को चोट की समस्या रही है इसलिए अगर नमन को मौका मिलता है तो मैं उन्हें खेलते हुए देखने के लिए उत्साहित रहूंगा। उनमें हुनर तो है लेकिन उनकी बल्लेबाजी से ज्यादा उनकी गेंदबाजी की परीक्षा होगी।

नमन धीर ने हाल ही में शेर-ए-पंजाब टी-20 में अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने खिताब जीतने वाली अमृतसर सूरमास के लिए बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन किया। नमन ने टूर्नामेंट में 10 पारियों में 72.28 के औसत से 655 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 217.61 रहा।

नमन धीर ने अब तक 14 लिस्ट-ए मैच खेले हैं। इन मुकाबलों की 11 पारियों में उन्होंने 39.00 के औसत से 351 रन बनाए हैं। उनके नाम चार अर्धशतक हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 97 रन है। गेंदबाजी की बात करें तो नमन ने लिस्ट-ए क्रिकेट में 7 विकेट भी हासिल किए हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए भी नमन धीर ने अपनी बल्लेबाजी की झलक दिखाई है। उन्होंने इस सीजन 14 मैचों में 26.50 के औसत और 147.22 के स्ट्राइक रेट से 318 रन बनाए हैं। नमन ने आईपीएल में मुंबई के लिए कुल 37 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्हें बल्ले से 710 रन निकले हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उप-कप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह