इंडिया ए ने जीती त्रिकोणीय सीरीज, फाइनल में श्रीलंका ए को 66 रनों से हराया
दांबुला, 21 जून (हि.स.)। इंडिया-ए ने फाइनल में श्रीलंका-ए को 66 रनों से हराकर त्रिकोणीय सीरीज अपने नाम कर ली है। रविवार को श्रीलंका के दांबुला में खेले गए मुकाबले में भारत-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 377 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका-ए की पारी 47.1 ओवर में 311 रन पर सिमट गई।
इंडिया ए की जीत के हीरो 15 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे। फाइनल में उन्होंने मात्र 29 गेंदों पर 94 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इसमें युवा बल्लेबाज ने 11 छक्के और 6 चौके लगाए। इस पारी में वैभव ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इससे उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
378 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो मात्र 3 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नीरोशन डिकवेला 17 गेंदों में 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
श्रीलंका का तीसरा विकेट नुवानीडु फर्नांडो के रूप गिरा। फर्नांडो 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सदीरा समरविक्रमा और सहान अराच्चिगे ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाज टीम के स्कोर को 100 रन के पार ले गए लेकिन समरविक्रमा अर्धशतक लगाने के बाद अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 44 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे।
149 रन के स्कोर पर रविंदु फर्नांडो आउट हुए। फर्नांडो ने 19 रन बनाए। अराच्चिगे भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 38 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वी. वियासकांथ और वानुजा सहान ने 77 रन की साझेदारी कर टीम को लक्ष्य के करीब ले जाने की कोशिश की लेकिन पहले वियासकांथ 34 गेंदों में 39 रन और फिर वानुजा सहान 62 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
पारी के 45वें ओवर में दुलाज समुधिता 15 रन बनाकर आउट हुए। अंत में मोहम्मद शिराज का विकेट गिरने के साथ श्रीलंका पारी का अंत हुआ। शिराज ने 21 रन बनाए।
इंडिया ए के लिए यश ठाकुर और विप्रज निगम ने 3-3 विकेट लिए। अनुकूल रॉय ने दो विकेट, जबकि अशोक शर्मा और तिलक वर्मा ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले इंडिया ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट पर 377 रन बनाए। टीम के लिए इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 94 रन बनाए, जबकि कप्तान तिलक वर्मा ने 67 रन बनाए। इनके अलावा ऋतुराज गायकवाड़ ने 40, अनुकूल रॉय ने 39, प्रियांश आर्य 39, कुमार कुशाग्र 36 रन और विप्रज निगम ने 27 रन का योगदान दिया।
श्रीलंका ए के लिए के. माथुलन, फर्नांडो और सहान को दो-दो विकेट मिले, जबकि शिराज, अराच्चिगे और सामुदिथा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह