एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने छोड़ा इंग्लैंड लायंस के कोच का पद, सिडनी थंडर से जुड़े
लंदन, 08 अगस्त (हि.स.)। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने ऑस्ट्रेलिया की टी20 बिग बैश लीग में सिडनी थंडर का मुख्य कोच नियुक्त किए जाने के बाद इंग्लैंड लायंस के कोच पद से इस्तीफा दे दिया है। 48 वर्षीय फ्लिंटॉफ करीब दो साल तक इंग्लैंड की दूसरी टीम लायंस के मुख्य कोच रहे।
फ्लिंटॉफ ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने लायंस के साथ अपनी जिम्मेदारी से हटने का फैसला किया है।
उन्होंने एक आधिकारिक बयान में कहा, “दुर्भाग्य से, मैंने लायंस के साथ अपनी भूमिका से हटने का फैसला किया है। देश के सर्वश्रेष्ठ युवा क्रिकेटरों के साथ काम करने और उन्हें आगे बढ़ते हुए देखने का अवसर पाकर मुझे बेहद खुशी हुई और मुझे इस पर गर्व है।”
उन्होंने कोचिंग स्टाफ और सहयोगी टीम के सदस्यों का भी आभार जताया। फ्लिंटॉफ ने कहा, “मैं सभी कोचों और स्टाफ को उनके जुनून, अथक मेहनत और हर दिन मिलने वाले सहयोग के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। विशेष रूप से एड बार्नी के साथ काम करना मेरे लिए शानदार रहा और मैं भाग्यशाली था कि वह प्रदर्शन निदेशक के रूप में मेरे साथ थे। साथ ही रॉब (की) का भी धन्यवाद, जिन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट की सबसे महत्वपूर्ण भूमिकाओं में से एक की जिम्मेदारी मुझ पर भरोसे के साथ सौंपी।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं साल के अंत में थंडर के साथ शुरुआत करने और यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि कोचिंग मुझे आगे कहां ले जाती है।”
23 महीने तक संभाली लायंस की जिम्मेदारी
फ्लिंटॉफ ने 23 महीने तक इंग्लैंड लायंस के मुख्य कोच की भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड की सीनियर सीमित ओवरों की टीम के साथ भी काम किया और 2024 टी20 विश्व कप में टीम के सहयोगी स्टाफ का हिस्सा रहे।
2005 में इंग्लैंड की एशेज जीत के प्रमुख नायकों में शामिल रहे फ्लिंटॉफ ने इंग्लैंड की घरेलू द हंड्रेड प्रतियोगिता में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स को भी कोचिंग दी है।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के पुरुष प्रदर्शन निदेशक एड बार्नी ने फ्लिंटॉफ की तारीफ करते हुए कहा, “फ्रेड (फ्लिंटॉफ) ने लायंस के माहौल को बदलने में मदद की है और इसे ऐसा कार्यक्रम बनाया है, जिसका युवा खिलाड़ियों पर बड़ा प्रभाव पड़ा है।”
उन्होंने कहा, “ऐसा माहौल तैयार करके, जो हर समय उत्कृष्टता को समर्थन देने के साथ-साथ खिलाड़ियों को उसे हासिल करने के लिए प्रेरित करता है, उन्होंने युवा खिलाड़ियों की नई पीढ़ी को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”
फ्लिंटॉफ अब ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में सिडनी थंडर की जिम्मेदारी संभालकर अपने कोचिंग करियर का नया अध्याय शुरू करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे