डीपीएल सीजन-3 की नीलामी कल, ऋषभ पंत और प्रतिका रावल पर होंगी निगाहें
नई दिल्ली, 30 जून (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) टी-20 के तीसरे सीजन के लिए खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित नीलामी 1 जुलाई को नई दिल्ली में होगी। सुबह 9 बजे शुरू होने वाली इस नीलामी में आठ पुरुष और चार महिला फ्रेंचाइजी आगामी सीजन के लिए अपनी-अपनी टीमों का गठन करेंगी।
इस बार नीलामी में 600 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे। इनमें 400 से अधिक पुरुष और 200 से ज्यादा महिला खिलाड़ी शामिल हैं। नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी 65 पुरुष और 28 महिला खिलाड़ियों को रिटेन कर चुकी हैं।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि खिलाड़ियों की नीलामी दिल्ली क्रिकेट कैलेंडर का सबसे रोमांचक आयोजन है। उन्होंने कहा, यही वह दिन है जब टीमें आकार लेती हैं और फ्रेंचाइजी पूरे सीजन की रणनीति तय करती हैं। डीपीएल अब दिल्ली क्रिकेट का ऐसा मंच बन चुका है, जहां स्थापित खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को भी अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है।
पुरुष एवं महिला फ्रेंचाइजी पर्स
आठों पुरुष फ्रेंचाइजी को 1.50 करोड़ रुपये का पर्स आवंटित किया गया था। रिटेन खिलाड़ियों पर खर्च की गई राशि काटने के बाद बची रकम के साथ टीमें नीलामी में उतरेंगी, जबकि चारों महिला फ्रेंचाइजी को 75 लाख रुपये का पर्स दिया गया है, जिसमें से रिटेन खिलाड़ियों की राशि पहले ही समायोजित की जा चुकी है।
खिलाड़ियों को चार श्रेणियों में बांटा गया
पुरुष वर्ग
मार्की कैटेगरी: भारत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, इंडिया-ए खिलाड़ी और पिछले तीन आईपीएल सीजन में किसी टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ी।
कैटेगरी-ए: पिछले तीन घरेलू सीजन में दिल्ली की रणजी, विजय हजारे या सैयद मुश्ताक अली टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी।
कैटेगरी-बी: दिल्ली अंडर-23, अंडर-19 और अंडर-16 टीम के खिलाड़ी।
कैटेगरी-सी: डीडीसीए से पंजीकृत लीग क्रिकेट खिलाड़ी।
महिला वर्ग
मार्की: भारत की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और पिछले तीन सीजन में डब्ल्यूपीएल टीमों का हिस्सा रही खिलाड़ी।
कैटेगरी-ए: दिल्ली की सीनियर महिला वनडे और टी20 टीम की खिलाड़ी।
कैटेगरी-बी: दिल्ली अंडर-23, अंडर-19 और अंडर-15 खिलाड़ी।
कैटेगरी-सी: डीडीसीए महिला टी20 लीग की खिलाड़ी और अन्य पंजीकृत खिलाड़ी।
पुरुष खिलाड़ियों की बेस प्राइस
मार्की: 10 लाख रुपये
कैटेगरी-ए: 5 लाख रुपये
कैटेगरी-बी: 3 लाख रुपये
कैटेगरी-सी: 1 लाख रुपये
पुरुष वर्ग के प्रमुख खिलाड़ी
नीलामी में उपलब्ध मार्की खिलाड़ियों में शामिल
ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, ईशांत शर्मा, मयंक यादव, नवदीप सैनी, सिमरजीत सिंह, अनुज रावत, दिग्वेश राठी, सुयश शर्मा, हिम्मत सिंह, सार्थक रंजन, वंश बेदी, तेजस्वी।
महिला खिलाड़ियों की बेस प्राइस
मार्की: 5 लाख रुपये
कैटेगरी-ए: 3 लाख रुपये
कैटेगरी-बी: 1.50 लाख रुपये
कैटेगरी-सी: 75 हजार रुपये
महिला वर्ग की प्रमुख खिलाड़ी
मार्की सूची में शामिल खिलाडी
प्रतिका रावल, प्रिया पुनिया,
प्रिया मिश्रा, परुनिका सिसोदिया, सिमरन दिल बहादुर।
आरटीएम (राइट टू मैच) कार्ड
हर पुरुष और महिला फ्रेंचाइजी को एक आरटीएम कार्ड दिया गया है। यदि किसी टीम का पिछले सीजन का खिलाड़ी नीलामी में आता है और दूसरी फ्रेंचाइजी उसे खरीद लेती है, तो पुरानी फ्रेंचाइजी अंतिम बोली की बराबरी कर उसे वापस अपनी टीम में शामिल कर सकती है।
टीम संरचना
पुरुष टीम
20 से 25 खिलाड़ी रखने होंगे, जिनमें—2 मार्की,4 कैटेगरी-ए,
6 से 10 कैटेगरी-बी, 8 से 9 कैटेगरी-सी खिलाड़ी अनिवार्य होंगे।
महिला टीम
18 से 22 खिलाड़ी रखने होंगे, जिनमें—2 मार्की, 4 कैटेगरी-ए,
7 से 8 कैटेगरी-बी, 5 से 8 कैटेगरी-सी खिलाड़ी शामिल होंगे।
नीलामी में जहां एक ओर ऋषभ पंत, कुलदीप यादव और ईशांत शर्मा जैसे बड़े सितारों पर बड़ी बोली लगने की संभावना है, वहीं महिला वर्ग में प्रतिका रावल, प्रिया पुनिया और परुनिका सिसोदिया जैसी खिलाड़ियों को लेकर भी फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे