देहरादून टी-20 लीग के रोमांचक मुकाबलों में मसूरी थंडर और हरबर्टपुर नाइट राइडर्स ने दर्ज की जीत
देहरादून, 06 सितंबर (हि.स.)। देहरादून के अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में खेली जा रही देहरादून टी-20 लीग में रविवार को एक बार फिर रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिले। दिन के पहले मुकाबले में मसूरी थंडर ने ऋषिकेश ड्रैगन्स को 17 रनों से मात दी, जबकि दूसरे मैच में हरबर्टपुर नाइट राइडर्स ने विकासनगर धमाका को 12 रनों से शिकस्त देकर जीत दर्ज की।
दिन के पहले मैच में ऋषिकेश ड्रैगन्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मसूरी थंडर की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज आर्यन गोदियाल बिना खाता खोले ही आउट हो गए। इसके बाद एलन चेतन ने 25 गेंदों में 41 रन बनाए। मध्यक्रम में आयुष चौहान ने 24 गेंदों में 45 रनों की पारी खेली और अंतिम ओवरों में अनमोल शाह ने 22 गेंदों में 35 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवरों में 9 विकेट पर 163 रन तक पहुंचाया।
ऋषिकेश ड्रैगन्स की तरफ से युवराज चौधरी ने 4 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान तेजिंदर सिंह और मुकुल नागर को 2-2 सफलताएं मिलीं।
इसके बाद 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषिकेश ड्रैगन्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और 37 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम के तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद कमल सिंह ने एक छोर संभाले रखा और 33 गेंदों में 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर मैच में रोमांच बनाए रखा। दूसरे छोर से युवराज चौधरी ने भी 32 रनों का योगदान दिया, लेकिन 129 रन के कुल स्कोर पर कमल सिंह के आउट होते ही ऋषिकेश की उम्मीदें टूट गईं। मसूरी थंडर के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए ऋषिकेश की पूरी टीम को 19.2 ओवरों में 146 रनों पर ढेर कर दिया।
मसूरी की ओर से अनमोल शाह, अंशुल कुमार और दीपेश ने 2-2 विकेट हासिल कर अपनी टीम को 17 रनों से एक यादगार जीत दिला दी।
दिन के दूसरे मुकाबले में विकासनगर धमाका ने टॉस जीतकर हरबर्टपुर नाइट राइडर्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। हरबर्टपुर की शुरुआत बेहद धीमी रही और 39 रन के स्कोर तक उसके 3 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद कुणाल वी. सिंह (34 रन) और सचिथ जे ने पारी को संभाला। सचिथ जे ने मैदान के हर कोने में चौके-छक्के बरसाते हुए महज 39 गेंदों पर 4 चौकों और 5 छक्कों की बदौलत 70 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस आक्रामक बल्लेबाजी के बल पर हरबर्टपुर की टीम 19.5 ओवरों में 176 रन बनाकर ऑलआउट हुई। विकासनगर की ओर से अभिषेक सिंह ने 3 विकेट झटके, जबकि जनमेजय जोशी को 2 विकेट मिले।
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विकासनगर धमाका की शुरुआत भी खराब रही और 41 रन पर ही टीम के 3 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद विशाल डंगवाल (32) और शाश्वत डंगवाल (31) ने लड़ाई लड़ने की कोशिश की, वहीं प्रशांत चौहान ने भी 23 रनों का योगदान दिया। हालांकि, हरबर्टपुर के गेंदबाजों ने सही समय पर विकेट निकालकर विकासनगर पर दबाव बनाए रखा। हरबर्टपुर के गेंदबाज अक्षय थापली ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 ओवरों में 18 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जबकि गौरव चौधरी ने 3 विकेट हासिल किए। पूरी विकासनगर टीम 19.5 ओवरों में 164 रनों पर ढेर हो गई और हरबर्टपुर नाइट राइडर्स ने 12 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह