सीपीएल : बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने आखिरी गेंद पर जीता मुकाबला, प्लेऑफ में बनाई जगह
ब्रिजटाउन, 13 सितंबर (हि.स.)। बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने सैड्रैक डेसकार्टे के शानदार अर्धशतक और गुडाकेश मोती के ऑलराउंंड प्रदर्शन के दम पर केंसिंग्टन ओवल में खेले गए कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) के 34वें मुकाबले में जमैका किंग्समेन को आखिरी गेंद पर हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ट्राइडेंट्स ने प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली। बेहतर नेट रन रेट के आधार पर जमैका भी चौथी टीम के रूप में प्लेऑफ में पहुंच गई।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जमैका ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए। जवाब में बारबाडोस ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 151 रन बनाते हुए जीत अपने नाम की। 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बारबाडोस की शुरुआत खराब रही और टीम ने पावरप्ले में 36 रन पर 3 विकेट खो दिए। जैकरी कार्टर 03, ब्रैंडन किंग 18 और रिवाल्डो क्लार्क एक रन पर आउट होकर टीम की मुश्किलें बढ़ा गए। इसके बाद सैड्रैक डेसकार्टे और क्विंटन डी कॉक ने पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि, डी कॉक 14 रन बनाकर आउट हो गए। शेरफेन रदरफोर्ड भी 5 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए।
76/5 के स्कोर पर बारबाडोस की पारी संकट में नजर आ रही थी, लेकिन डेसकार्टे ने आक्रामक अंदाज अपनाया और कुछ बड़े शॉट लगाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। डेसकार्टे 17वें ओवर की शुरुआत में आंद्रे रशेल की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद डेनियल सैम्स 5 और क्रिस ग्रीन 17 रन की उपयोगी पारी खेलकर आउट हुए। बारबाडोस को आखिरी ओवर में 17 रन चाहिए थे।
आखिरी ओवर में गुडाकेश मोती ने पहले चौका और फिर एक छक्का जड़ दिया। आखिरी दो गेंदों पर जीत के लिए दो रन चाहिए थे, जो बाबाडोस ने बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। गुडाकेश मोती 8 गेंदों में 2 चौके और एक छक्का लगाकर नाबाद 17 रन बनाए।
इससे पहले जमैका किंग्समेन ने 150 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन माज सदाकत ने बनाए, जिन्होंने 34 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 47 रन का पारी खेली। सदाकत के अलावा उस्मान खान 18 रन, हसन खान 16 रन,केसी कार्टी15 रन, किर्क मैकेंजी 11 आंद्रेस रसेल 10 और कप्तान रोवमैन पॉवेल ने 8 रन का योगदान दिया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह