ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टी-20 में बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया, 3-0 से जीती सीरीज
चटगांव (बांग्लादेश), 21 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे और अंतिम टी-20 मुकाबले में बांग्लादेश को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला 3-0 से अपने नाम कर ली। इससे पहले बांग्लादेश ने वनडे सीरीज 2-1 से जीती थी, लेकिन टी-20 प्रारूप में ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरी तरह हावी रही।
चटगांव में रविवार को खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उसकी पारी निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 109 रन तक ही सिमट गई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने मात्र 11 ओवर में 3 विकेट खोकर 112 रन बनाते हुए लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।
110 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने तेज शुरुआत की। कप्तान मिशेल मार्श ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 28 गेंदों में 60 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। मार्श के अलावा जोश इंग्लिस ने 17 और कूपर कोनोली ने 15 रन का योगदान दिया। टिम डेविड 12 और मैट रेनशॉ 6 रन बनाकर नाबाद लौटे।
बांग्लादेश के लिए शोरिफुल इस्लाम, नासुम अहमद और रिशाद हुसैन ने एक-एक विकेट लिया।
इससे पहले बल्लेबाजी के लिए आई बांग्लादेश टीम की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई थी। कप्तान तौहिद हृदय ने अकेले संघर्ष करते हुए 51 गेंदों में 61 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनके अलावा रिशाद हुसैन ने 16 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सका।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्पेंसर जॉनसन, नाथन एलिस और एडम जांपा ने 2-2 विकेट झटके, जबकि निखिल चौधरी को एक विकेट मिला।
मुकाबले में मिचेल मार्श को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरी श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाले मैट रेनशॉ को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह