एपीएलः चराईदेव सनराइजर्स ने तेजपुर टाइटंस को सात विकेट से हराया
गुवाहाटी, 03 अगस्त (हि.स.)। इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल) में सोमवार को असम क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चराईदेव सनराइजर्स ने तेजपुर टाइटंस को सात विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए तेजपुर टाइटंस ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 128 रन बनाए। वसीम अकरम हक ने 27, कप्तान निहार डेका ने 21 और दानिश अहमद ने 20 रन बनाए। चराईदेव की ओर से दिबाकर जोहरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट झटके। अम्लान ज्योति दास, मयुख हजारिका और अभिनाश फुकन ने एक-एक विकेट लिया, जबकि तीन बल्लेबाज रन आउट हुए।
129 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चराईदेव सनराइजर्स ने 15.4 ओवर में तीन विकेट खोकर 132 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान सुमित घाडीगांवकर ने 27 गेंदों पर 36 रन और कीर्ति आजाद यादव ने 35 रन की संयमित पारी खेलकर दूसरे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की। अंत में हृषिकेश तामुली (नाबाद 20) और रेशभ दीपक (नाबाद 19) ने 26 गेंद शेष रहते टीम को जीत दिला दी।
तेजपुर टाइटंस की ओर से आयुष्मान मलाकार ने दो विकेट लिए, जबकि वसीम अकरम हक को एक सफलता मिली।
संक्षिप्त स्कोर:
तेजपुर टाइटंस: 20 ओवर में 128/9 (वसीम अकरम हक 27, निहार डेका 21; दिबाकर जोहरी 3/13)।
चराईदेव सनराइजर्स: 15.4 ओवर में 132/3 (सुमित घाडीगांवकर 36, कीर्ति आजाद यादव 35; आयुष्मान मलाकार 2/22)।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश