रैली ऑफ हिमालया में 220 प्रतिभागी दिखाएंगे दम, पहली बार शिंकुला दर्रे से पदम-जंस्कार घाटी पहुंचेगी रैली
कुल्लू, 25 सितंबर (हि.स.)। हिमालय की दुर्गम और चुनौतीपूर्ण सड़कों पर रोमांच और साहस का खेल शनिवार से शुरू होने जा रहा है। देश की प्रतिष्ठित मोटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता रैली ऑफ हिमालया में इस वर्ष करीब 220 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। रैली का फ्लैग ऑफ शनिवार शाम पांच बजे मनाली के 15 मील स्थित देवलोक से विधायक भुवनेश्वर गौड़ करेंगे।
इस बार रैली का सफर पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण और रोमांचक होगा। प्रतिभागी पहली बार करीब 16,580 फीट ऊंचे शिंकुला दर्रे को पार कर पदम और जंस्कार घाटी में प्रवेश करेंगे। लाहुल-स्पीति और लेह-लद्दाख के दुर्गम क्षेत्रों से गुजरने वाली इस रैली में ऊंचे दर्रे, कठिन सड़कें और बदलता मौसम प्रतिभागियों की परीक्षा लेंगे।
रैली के आयोजक सुरेश राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से करीब 220 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रैली मनाली से शुरू होकर हिमालय के दुर्गम क्षेत्रों से गुजरते हुए विभिन्न चुनौतीपूर्ण मार्गों को पार करेगी।
उन्होंने बताया कि रैली का मार्ग जिस्पा, काजा, शिंकुला, कुंजुम दर्रा और पदम सहित कई दुर्गम क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 सितंबर को रैली काजा, 28 सितंबर को काजा से जिस्पा और 29 सितंबर को जिस्पा से पदम पहुंचेगी। इसके बाद प्रतिभागी पदम से तेंजिला पास तक का सफर तय कर वापस पदम लौटेंगे, जहां 30 सितंबर को रैली का समापन होगा।
2021 में 30 प्रतिभागियों से हुई थी शुरुआत
सुरेश राणा ने बताया कि रैली ऑफ हिमालया की शुरुआत वर्ष 2021 में करीब 30 प्रतिभागियों के साथ हुई थी। अब देशभर से 200 से अधिक प्रतिभागी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष रैली के प्रति प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ रहा है।
आयोजकों के अनुसार रैली का मुख्य उद्देश्य हिमालयी क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। मोटर स्पोर्ट्स के रोमांच के साथ इस आयोजन के माध्यम से लाहुल-स्पीति और लद्दाख के दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और पर्यटन की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह