विश्व बॉक्सिंग कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं भारतीय मुक्केबाज मीनाक्षी हुडा

 


गुइयांग (चीन), 18 जून (हि.स.)। भारतीय मुक्केबाज मीनाक्षी हुडा ने चीन के गुइयांग में आयोजित विश्व बॉक्सिंग कप (चरण 2) में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ-16 मुकाबले में मीनाक्षी ने पोलैंड की नतालिया कुचेव्स्का को एकतरफा 5-0 से पराजित किया। 48 किलोग्राम वर्ग की मौजूदा विश्व चैंपियन और शीर्ष वरीयता प्राप्त मुक्केबाज मीनाक्षी ने इस सत्र में 51 किलोग्राम वर्ग में कदम रखा है।

हालांकि, पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में भारत को निराशा हाथ लगी। प्री-क्वार्टर फाइनल में भारतीय मुक्केबाज अविनाश जमवाल को किर्गिस्तान के मिर्जोखिद इमामनाजारोव से 5-0 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ उनका अभियान समाप्त हो गया।

टूर्नामेंट में भारत के पांच मुक्केबाज क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं। इनमें निखिल (55 किग्रा), दीपक (70 किग्रा), मीनाक्षी (51 किग्रा), प्राची (57 किग्रा) और सनेह (65 किग्रा) शामिल हैं। वहीं, ज्योति (48 किग्रा) और जुगनू (85 किग्रा) सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक पक्का कर चुकी हैं।

टूर्नामेंट के पांचवें दिन शुक्रवार को भारत के चार मुक्केबाज क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में चुनौती पेश करेंगे। महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग में मीनाक्षी का सामना कजाकिस्तान की अलुआ बाल्किबेकोवा से होगा। इसके अलावा 65 किलोग्राम वर्ग में सनेह की भिड़ंत पोलैंड की किंगा क्रोव्का से होगी, जबकि 57 किलोग्राम वर्ग में प्राची का मुकाबला चीनी ताइपे की शिह यी वू से होगा। पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में निखिल का सामना अजरबैजान के अमीन मम्मदजादा से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह