बिशाल साहा की नजर ऑरेंज कैप के साथ एपीएल फाइनल पर

 


गुवाहाटी, 14 अगस्त (हि.स.)। बराक लीजेंड्स के सलामी बल्लेबाज बिशाल साहा उद्घाटन इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के शीर्ष बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं। उन्होंने छह पारियों में 279 रन बनाए हैं।

साहा ने लगातार प्रदर्शन के साथ आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन मिश्रण पेश किया है। उनका औसत 55.80 और स्ट्राइक रेट 122.91 है। हालांकि, व्यक्तिगत उपलब्धि के बावजूद साहा का कहना है कि उनकी प्राथमिकता टीम के लिए योगदान देना है।

साहा ने कहा कि वह पिछले पांच-छह महीनों से इस लीग के बारे में सुन रहे थे और इसके लिए तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा, मैं अभी अच्छी मानसिक स्थिति में हूं। मैंने पहले मैच में अच्छे रन बनाए। अब मुझे टीम के लिए योगदान देना है और अपना स्कोर तथा टीम का कुल स्कोर बढ़ाना है।

सलामी बल्लेबाज ने पावरप्ले में तेज शुरुआत को अपनी रणनीति का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि अगर वह पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो इससे टीम के अन्य बल्लेबाजों को भी बेहतर खेलने में मदद मिलेगी।

असम प्रीमियर लीग को साहा ने अपने करियर के लिए बड़ा मंच बताया। उन्होंने असम क्रिकेट संघ को खिलाड़ियों को यह अवसर देने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यहां अच्छा प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज, गेंदबाज और क्षेत्ररक्षक चयनकर्ताओं की नजर में आ सकते हैं।

प्लेऑफ की दौड़ में मजबूत स्थिति में मौजूद बराक लीजेंड्स के साथ साहा की नजर अब सिर्फ ऑरेंज कैप पर नहीं, बल्कि टीम को फाइनल तक पहुंचाने पर भी है।

साहा ने कहा, मेरा लक्ष्य अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन को शीर्ष पर बनाए रखना है। अगर मैं सर्वोच्च स्थान पर बना रहता हूं तो यह मेरा बड़ा लक्ष्य होगा। मैं टीम को फाइनल तक ले जाना चाहता हूं। फाइनल में अच्छा प्रदर्शन कर टीम के लिए ट्रॉफी जीतना चाहता हूं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश