बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स : 100 मीटर दौड़ में भारत और श्रीलंका ने जीते स्वर्ण पदक
भुवनेश्वर, 25 नवंबर (हि.स.)। बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन भारत और श्रीलंका के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। कलिंगा स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में भारत की मृत्तिका टी. और पुरुष वर्ग में श्रीलंका के दिनिथ इंदुवारा वीरारत्न ने स्वर्ण पदक जीते। पहले दिन कुल छह स्वर्ण पदकों का फैसला हुआ, जिनमें से चार भारत और दो श्रीलंका के खिलाड़ियों के खाते में गए।
महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में मृत्तिका ने 12.02 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। श्रीलंका की के. रिसांसा हिरुपमा 12.07 सेकंड के साथ दूसरे और बांग्लादेश की देवान सुमाया 12.24 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा में श्रीलंका के वीरारत्न ने 10.35 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत के ऋषिप्रसाद देसाई ने 10.46 सेकंड में दौड़ पूरी कर रजत पदक जीता, जबकि श्रीलंका के साद जमालदीन 10.57 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। भारत के नील समराज 10.67 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे।
भारत के अन्य स्वर्ण पदक पुरुष शॉटपुट, ट्रिपल जंप और 1500 मीटर दौड़ में आए। अनुराग सिंह कलेर ने 18.34 मीटर गोला फेंककर शॉटपुट का स्वर्ण जीता। दक्ष बिश्नोई ने 15.58 मीटर की छलांग के साथ ट्रिपल जंप में पहला स्थान हासिल किया, जबकि हितेश ने 3 मिनट 56.72 सेकंड में 1500 मीटर दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। महिला डिस्कस थ्रो में भारत ने दोहरा प्रदर्शन किया। प्रिया ने 52.03 मीटर के साथ स्वर्ण और निकिता कुमारी ने 50.02 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय