डेब्यूटेंट के आखिरी मिनट के गोल से बेंगलुरु एफसी की शानदार जीत, चेन्नईयिन को 2-1 से हराया
बेंगलुरु, 16 मई (हि.स.)। बेंगलुरु एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 अभियान का समापन शानदार अंदाज में करते हुए चेन्नइन एफसी को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ बेंगलुरु ने पूरे सीजन में अपने अवे (गैर घरेलू मैदान) रिकॉर्ड को अजेय बनाए रखा। टीम ने घर से बाहर खेले गए सात मुकाबलों में पांच जीत और दो ड्रॉ दर्ज किए।
मुख्य कोच पेप मुनोज ने मुकाबले में टीम संयोजन में कई बदलाव किए। युवा खिलाड़ी सोहम वर्ष्णेय को पहली बार शुरुआती एकादश में मौका मिला, जबकि शिवाल्डो को भी सीन का पहला स्टार्ट मिला। इसके अलावा चोट से उबरने के बाद निखिल पुजारी की टीम में वापसी हुई। यह मुकाबला रयान विलियम्स के लिए भी खास रहा, जिन्होंने ISL में बेंगलुरु के लिए अपने 50 मैच पूरे किए।
मुकाबले की शुरुआत से ही बेंगलुरु ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार आक्रमण किए, लेकिन शुरुआती मौके गोल में नहीं बदल सके। हालांकि खेल के विपरीत 34वें मिनट में चेन्नईयिन ने तेज जवाबी हमले का फायदा उठाते हुए चुक्वू के गोल से बढ़त हासिल कर ली।
गोल खाने के बाद बेंगलुरु ने आक्रामक रवैया अपनाया और पहले हाफ के अंतिम क्षणों में बराबरी हासिल कर ली। फनाई के शानदार पास पर रयान विलियम्स ने 43वें मिनट में शानदार गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया।
दूसरे हाफ में कोच ने आक्रामक बदलाव किए और अनुभवी सुनील छेत्री को मैदान पर उतारा। जैसे-जैसे मैच अंतिम चरण में पहुंचा, मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था, लेकिन 89वें मिनट में कहानी बदल गई।
डेब्यू कर रहे युवा खिलाड़ी सेर्टो वोर्नेइलेन ने मौके का शानदार फायदा उठाते हुए गेंद को जाल में पहुंचाया और अपना पहला आईएसएलISL गोल दाग दिया। इस निर्णायक गोल ने स्टेडियम में उत्साह की लहर दौड़ा दी और बेंगलुरु को यादगार जीत दिला दी।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय