आईपीएल में बेंच खिलाड़ियों की आवाजाही पर सख्ती, बीसीसीआई ने जारी किए नए नियम
मुंबई, 08 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान बेंच खिलाड़ियों की गतिविधियों पर कड़ा नियंत्रण लगाने के लिए नए नियम लागू किए हैं। ताजा दिशा-निर्देशों के मुताबिक मैच के दौरान सभी अतिरिक्त खिलाड़ी मैदान के आसपास स्वतंत्र रूप से घूम नहीं सकेंगे।
नए नियमों के अनुसार टीम शीट में शामिल 16 खिलाड़ियों के अलावा कोई अन्य खिलाड़ी मैदान में प्रवेश नहीं कर सकेगा। यहां तक कि जो खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं, वे भी केवल सीमित भूमिका में ही नजर आएंगे। उन्हें ड्रिंक्स ले जाने, बैट पहुंचाने या मैदान पर संदेश देने की अनुमति नहीं होगी, यदि वे अधिकृत सूची में शामिल नहीं हैं।
इसके अलावा बीसीसीआई ने यह भी तय किया है कि एक समय में अधिकतम पांच खिलाड़ी ही बाउंड्री लाइन के आसपास मौजूद रह सकते हैं। ये खिलाड़ी बिब पहनकर रहेंगे और उनकी भूमिका आमतौर पर ड्रिंक्स ले जाने या गेंद वापस करने तक सीमित होगी। हालांकि, यह पांच खिलाड़ी नामित 16 में से या बाकी स्क्वॉड से हो सकते हैं, लेकिन संख्या पांच से अधिक नहीं होनी चाहिए।
टीम सूत्रों के अनुसार यह निर्देश हाल ही में टीम प्रबंधन को दिए गए हैं। सामान्यतः एक आईपीएल टीम में 20 से 25 खिलाड़ी होते हैं, लेकिन हर मैच के लिए केवल 16 खिलाड़ियों को ही आधिकारिक सूची में शामिल किया जाता है।
यह बदलाव पहले से मौजूद मैच प्लेइंग कंडीशंस (एमपीसी) के कुछ नियमों—विशेष रूप से क्लॉज 11.5.2 और 24.1.4—को और सख्ती से लागू करने के रूप में देखा जा रहा है। इन नियमों में पहले भी ड्रिंक्स ब्रेक और सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों की भूमिका को सीमित किया गया था लेकिन अब इसे और स्पष्ट तथा कड़ा बना दिया गया है।
हालांकि, बीसीसीआई ने इस फैसले के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि मैच के दौरान अनुशासन बनाए रखने और अनावश्यक हस्तक्षेप को रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय