अंतिम गेंद पर छक्के से बराक लीजेंड्स की रोमांचक जीत

 


गुवाहाटी, 09 अगस्त (हि.स.)। इम्पीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग (एटीएल) में रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में बराक लीजेंड्स ने बरपेटा ब्रेव्स को तीन विकेट से हरा दिया। जीत के लिए 130 रनों का लक्ष्य हासिल करते हुए बराक को अंतिम गेंद पर पांच रन की जरूरत थी। नए बल्लेबाज भार्गव प्रतिम लहकर ने छक्का जड़कर टीम को रोमांचक जीत दिलाई।

बराक लीजेंड्स ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 131 रन बनाए। कप्तान शिव शंकर रॉय ने 31 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 41 रन बनाकर अहम भूमिका निभाई। अमन सिंह ने 22 और विशाल साहा ने 13 रन बनाए। बरपेटा की ओर से कुनाल शर्मा और अरुण सोनार ने दो-दो विकेट लिए।

इस जीत के साथ बराक लीजेंड्स ने पांच मैचों में आठ अंक हासिल कर अंक तालिका में दूसरा स्थान प्राप्त कर लिया है। वहीं, पिछले दो मुकाबलों में जीत दर्ज करने वाली बरपेटा ब्रेव्स को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।

इससे पहले टॉस जीतकर बराक के कप्तान शिव शंकर ने गेंदबाजी का फैसला किया। नम विकेट का फायदा उठाते हुए बराक के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की और बरपेटा के पांच विकेट महज 44 रन पर गिरा दिए। हालांकि अभिलाष मौर्य ने 47 और बिकिरण दास ने 29 रन बनाकर पारी को संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 50 रन जोड़े। इसके बाद अभिलाष ने अरुण सोनार के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी की और बरपेटा को 20 ओवर में आठ विकेट पर 129 रन तक पहुंचाया।

संक्षिप्त स्कोर:

बरपेटा ब्रेव्स: 20 ओवर में 129/8 — अभिलाष मौर्य 47, बिकिरण दास 29; भार्गव प्रतिम 1/12, सौरभ डे 1/12।

बराक लीजेंड्स: 20 ओवर में 131/7 — शिव शंकर 41, अमन सिंह 22; कुनाल शर्मा 2/37, अरुण सोनार 2/15।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश