अस्मिता खेलो इंडिया : रज्जू भैया विवि ने जीता प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच
प्रयागराज, 27 मार्च (हि.स.)। नगर के स्थानीय तेलियरगंज स्थित पतंजलि ऋषिकुल के क्रीड़ा स्थल पर दो दिवसीय ‘अस्मिता खेलो इंडिया महिला वॉलीबाल लीग’ में कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। जिसका उद्घाटन मैच रज्जू भैया विश्वविद्यालय नैनी और पतंजलि ऋषिकुल स्कूल तेलियरगंज के बीच खेला गया। जिसमें रज्जू भैया विश्वविद्यालय ने पतंजलि ऋषिकुल स्कूल तेलियरगंज को 25-20 व 25-23 अंकों से हराकर प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच जीत लिया।
मुख्य अतिथि संजय शुक्ला ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य नित्यानंद सिंह ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी प्रयागराज वरुण मिश्रा व डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन प्रयागराज के महासचिव आर.पी. शुक्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
वहीं प्रतियोगिता के खेले गए अन्य मैचों में गंगा गुरुकुलम प्रयागराज ने सीएमपी डिग्री कॉलेज प्रयागराज को 25-19 व 25-21 अंकों से, केंद्रीय विद्यालय फूलपुर ने महाप्रभु पब्लिक स्कूल को 25-22 व 25-20 अंकों से, मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम ने जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज को 25-21 व 25-22 अंकों से, आर्मी पब्लिक स्कूल न्यू कैंट ने केंद्रीय विद्यालय को 25-18 व 25-19 अंकों से, आनंद फौजी स्पोर्ट्स एकेडमी ने सेम स्टार ग्लोबल स्कूल नैनी को 25-22 व 26-24 अंकों से, इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने मोतीलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज को 25-23 व 25-21 अंकों से, पतंजलि पब्लिक स्कूल तेलियरगंज ने एम.बी.कॉन्वेंट स्कूल को 25-17 व 25-23 अंकों से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र