अर्शदीप सिंह ने रचा इतिहास, एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बने
क्राइस्टचर्च, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वह एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में दो विकेट लेकर उन्होंने अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का चार साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
क्राइस्टचर्च में खेले गए मुकाबले में अर्शदीप ने चार ओवर में 33 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उन्होंने टिम सीफर्ट और ग्लेन फिलिप्स को पवेलियन भेजा। इस प्रदर्शन के साथ उनके नाम इस साल 38 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट हो गए हैं। उन्होंने 24.78 के औसत और 9.25 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की है। इस वर्ष उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 51 रन देकर पांच विकेट रहा है।
इससे पहले भुवनेश्वर कुमार ने 2022 में 32 मैचों में 37 विकेट लेकर यह रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, एक कैलेंडर वर्ष में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड आयरलैंड के तेज गेंदबाज जोशुआ लिटिल के नाम है। उन्होंने 2022 में 39 विकेट हासिल किए थे।
अर्शदीप भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 विकेट पूरे करने से भी केवल दो विकेट दूर हैं।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय