तीरंदाजी विश्व कप: भारतीय महिला रिकर्व टीम ने चीन को हराकर स्वर्ण पदक जीता
शंघाई, 10 मई (हि.स.)। चीन के शंघाई में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप 2026 के दूसरे चरण में भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम ने मेजबान चीन को शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक जीता।
दीपिका कुमारी, अंकिता भकत और कुमकुम मोहद की भारतीय टीम का रविवार को मुकाबला पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की झू जिंगयी, हुआंग युवेई और यु क्यूई से था। चार सेट के अंत में दोनों टीमें 4-4 से बराबरी पर थीं, जिसके बाद शूट ऑफ कराया गया। भारतीय तिकड़ी ने शूट ऑफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 28-26 से जीत दर्ज की।
शूट ऑफ में अंकिता ने नौ के स्कोर के साथ शुरुआत की, जबकि कुमकुम ने शानदार 10 अंक जुटाए। जब खिताब जीतने के लिए आठ अंक की जरूरत थी तब दीपिका ने धैर्य रखते हुए नौ अंक के साथ टीम की जीत पक्की कर दी।
दूसरी ओर, सिमरनजीत कौर रविवार को कांस्य पदक से चूक गईं। उन्हें दक्षिण कोरिया की जांग मिन्ही से हाथों मैच में 6-4 से हार का सामना करना पड़ा।
भारत ने तीरंदाजी विश्व कप 2026 सीरीज के शंघाई चरण का समापन दो पदक के साथ किया। भारत के साहिल जाधव ने पुरुषों के व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय टीम को बधाई दी है। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि तीरंदाजी विश्व कप चरण 2 में स्वर्ण जीतने के लिए दीपिका, अंकिता और कुमकुम को हार्दिक बधाई। आपकी शानदार प्रतिभा और दृढ़ संकल्प ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह