सिरसा: राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका: कुलपति

 


सिरसा, 24 फ़रवरी (हि.स.)। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) सिरसा के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय की सशक्त नींव उसके विद्यार्थी होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण पर विशेष ध्यान देने, अपनी दक्षता बढ़ाने और प्रत्येक कार्य में निपुण बनने का आह्वान किया।

कुलपति प्रो. विजय कुमार मंगलवार को विश्वविद्यालय की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के बाद खिलाडिय़ों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की नींव को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और हमें ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संकल्पित होना चाहिए। कुलपति ने टीम भावना के साथ खेलने, विश्वविद्यालय का प्रत्येक स्तर पर गौरव बढ़ाने तथा स्वयं को शारीरिक रूप से फिट रखते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सीडीएलयू के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा जताई कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और अन्य युवाओं को भी खेलों से जोडक़र जागरूक करें। खेल प्रतियोगिताओं की 800 मीटर दौड़ में रमनदीप कौर प्रथम, रचना द्वितीय तथा किरण ने तृतीय स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग की 800 मीटर दौड़ में अमनदीप ने पहला, दयानंद ने दूसरा तथा सुनील कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके पर डीन छात्र कल्याण प्रो. राजकुमार, प्रो. ईश्वर मलिक, प्रो. पंकज शर्मा, प्रो. अशोक शर्मा, प्रो. मोहम्मद काशिफ किदवई, प्रो. राम मेहर दीक्षित, प्रो. अशोक मलिक, डॉ. सविता ढांडा सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma