एशियन लीजेंड्स लीग के सीजन-2 की शुरुआत 2 जून से, ट्रॉफी का अनावरण

 


रुद्रपुर (उत्तराखंड), 22 मार्च (हि.स.)। एशियन लीजेंड्स लीग ने रविवार को रुद्रपुर में अपनी आधिकारिक ट्रॉफी का अनावरण किया। लीग का दूसरा सीजन 2 जून से शुरू होगा। अनावरण समारोह में श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी थिसारा परेरा, एंजेलो परेरा, अफगानिस्तान के असगर अफगान और भारत के पूर्व ऑलराउंडर ऋषि धवन सहित कई प्रमुख क्रिकेटर और अन्य जाने-माने खिलाड़ी शामिल हुए।

कार्यक्रम में थिसारा परेरा ने टूर्नामेंट के प्रति अपने अनुभव और उत्साह को साझा किया। उन्होंने कहा कि हमारा पिछला सीजन बहुत अच्छा रहा था और इतनी प्रतिस्पर्धी और सुव्यवस्थित लीग का हिस्सा बनना शानदार अनुभव था। उन्होंने कहा कि वे आने वाले सीजन के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट का स्तर, खिलाड़ियों के बीच आपसी तालमेल और प्रशंसकों का जुनून इस लीग को खास बनाते हैं। हम इस बार और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हैं।

ऋषि धवन ने प्रशंसकों के समर्थन के महत्व पर जोर दिया और अपनी टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि प्रशंसकों ने हमेशा जबरदस्त समर्थन किया है, खासकर भारतीय टीम का और उस ऊर्जा से मैदान पर बहुत बड़ा फर्क पड़ता है। उम्मीद है कि इस सीजन में भी हमें वैसा ही प्यार और प्रोत्साहन मिलता रहेगा। हम उन्हें गौरवान्वित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और ट्रॉफी जीतने का लक्ष्य रखेंगे।

लीग के निदेशक नीरज कुकरेजा ने टूर्नामेंट के लिए अपना दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा कि एशियन लीजेंड्स लीग की नींव इस विचार पर रखी गई है कि पूरे एशिया के अनुभवी और मशहूर क्रिकेटरों को एक मंच पर लाया जाए। खिलाड़ियों और प्रशंसकों से मिली प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक रही है। ट्रॉफी के अनावरण के साथ हमने एक बड़ा कदम आगे बढ़ाया है और हम एक ऐसी लीग पेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो प्रतिस्पर्धा और मनोरंजन के उच्च मानकों को बनाए रखे।

एशियन लीजेंड्स लीग में छह टीमें शामिल होंगीइंडियन रॉयल्स, श्रीलंकन लायंस, अफगानिस्तान पठान, एशियन स्टार्स, पाकिस्तान पैंथर्स और बांग्लादेश टाइगर्स। ये टीमें पूरे महाद्वीप से क्रिकेट प्रतिभाओं के विविध मिश्रण का प्रतिनिधित्व करेंगी। एशियन लीजेंड्स लीग जून 2026 में खेली जाएगी। तनाव की स्थिति के कारण खाड़ी देशों की टीमें इसमें हिस्सा नहीं ले पाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह