हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर के अंतिम चरण में वाणी, रिद्धिमा और त्वेसा पर रहेंगी निगाहें
ग्रेटर नोएडा, 16 नवंबर (हि.स.)। हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर 2026 का 15वां और अंतिम चरण जयपी विशटाउन गोल्फ कोर्स में खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता में 44 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। भारतीय महिला गोल्फ की कई दिग्गज और उभरती हुई खिलाड़ी सत्र के अंतिम मुकाबले में अपनी चुनौती पेश करने उतरेंगी।
टूर्नामेंट में सबसे अधिक निगाहें रिद्धिमा कपूर, वाणी और त्वेसा मलिक पर रहेंगी। रिद्धिमा इस सत्र की सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने अपने शुरुआती 13 मुकाबलों में चार खिताब जीते हैं, जबकि दो बार उपविजेता रही हैं। उन्होंने कलहार ब्लूज एंड ग्रीन्स, पूना गोल्फ क्लब, जयपी विशटाउन और प्रेस्टीज गोल्फशायर में खिताबी जीत दर्ज की है। शानदार प्रदर्शन के दम पर वह सत्र की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर मजबूती से बनी हुई हैं।
वहीं, कपूर ने इस सत्र में दो खिताब अपने नाम किए हैं। इनमें डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले गए 13वें चरण की जीत भी शामिल है, जहां उन्होंने तीन होल के प्लेऑफ में युवा खिलाड़ी अन्वी दहिया को हराया था। वह तीन बार उपविजेता भी रही हैं। हीरो महिला इंडियन ओपन में दूसरा स्थान हासिल करना उनके सत्र की एक और बड़ी उपलब्धि रही। यह लेडीज यूरोपियन टूर में उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
रिद्धिमा और त्वेसा की जोड़ी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। दोनों लावण्या जादोन के साथ पहले टी-ऑफ करेंगी। त्वेसा की नजरें हीरो महिला इंडियन ओपन में सातवें स्थान पर रहने के बाद घरेलू सर्किट में एक और बेहतर प्रदर्शन करने पर होंगी। वह इस सत्र में एक घरेलू खिताब भी जीत चुकी हैं।
कपूर सुबह अनन्या दातार और सान्वी सोमू के साथ अपनी चुनौती शुरू करेंगी। पिछले सप्ताह जैस्मिन शेखर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वाणी और रिधिमा को पीछे छोड़कर सत्र का दूसरा खिताब जीता था। उन्होंने अंतिम दौर में एक ओवर 71 का कार्ड खेलते हुए दो शॉट के अंतर से जीत हासिल की थी।
प्रतियोगिता में अमनदीप द्राल, स्नेहा सिंह, सेहर अटवाल, मन्नत बराड़ और श्वेता मानसिंह जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा गोल्फर भी चुनौती पेश करेंगी। सत्र के इस अंतिम चरण में खिलाड़ियों के पास हीरो ऑर्डर ऑफ मेरिट में अपनी स्थिति बेहतर करने का भी आखिरी मौका होगा।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय