सत्याग्रह के अलावा कोई रास्ता नहीं बचाः केजरीवाल

 


नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया और अन्य नेताओं के साथ मंगलवार को यहां राजघाट पहुंच कर महात्मा गांधी को नमन किया और सत्याग्रह के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। केजरीवाल ने कहा कि उनके पास सत्याग्रह के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा है।

केजरीवाल ने पत्रकारों से कहा, ''न्यायपालिका ने मेरी जमानत मंजूर कर मुझे इस मामले में बरी कर दिया। अगर मैं आज खुलेआम घूम रहा हूं, तो यह हमारी न्यायपालिका की वजह से ही है। कुछ ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न हुई हैं जिनके कारण हम यह सत्याग्रह कर रहे हैं। मैंने दिल्ली उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा को लिखे पत्र में सब कुछ स्पष्ट कर दिया है। यह एक अत्यंत संवेदनशील मामला है।''

केजरीवाल ने न्यायमूर्ति स्वर्णकांता शर्मा को पत्र लिखकर निवेदन किया, ''वर्तमान परिस्थितियों में मेरी अंतरात्मा मुझे इस मामले की कार्यवाही में उनके समक्ष आगे भाग लेने की अनुमति नहीं देती। मेरे लिए यह किसी व्यक्ति विशेष का प्रश्न नहीं है, बल्कि उस भरोसे का प्रश्न है जिस पर न्याय व्यवस्था खड़ी होती है- कि हर नागरिक को न्याय न केवल निष्पक्ष हो, बल्कि निष्पक्ष दिखाई भी दे। मैं यह भी स्पष्ट करना चाहता हूं कि न्यायपालिका और संविधान पर मेरा विश्वास पूरी तरह अटूट है, लेकिन जब मन में गंभीर संदेह रह जाए, तो केवल औपचारिक भागीदारी मेरे लिए सही नहीं है। इसलिए मेरे पास सत्याग्रह के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।''

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव