श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट 21 मई को खुलेंगे, ऊखीमठ से 19 को रवाना होगी उत्सव डोली
देहरादून, 12 मई (हि.स.)। रुद्रप्रयाग जिले में स्थित श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट आगामी 21 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी ने यात्रा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 17 मई को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव मूर्ति ओंकारेश्वर मंदिर के गर्भगृह से बाहर आकर मंदिर स्थित सभामंडप में विराजमान होगी।
उन्होंने बताया कि 19 मई को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली प्रातः ओंकारेश्वर मंदिर से प्रस्थान कर रात्रि विश्राम के लिए राकेश्वरी मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद 20 मई को डोली रांसी से प्रस्थान कर रात्रि विश्राम के liyeगौंडार पहुंचेगी।
मुख्य कार्याधिकारी के अनुसार 21 मई को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली ग्राम गौंडार से प्रातः प्रस्थान करेगी तथा कर्क लग्न में श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल