रेल मंत्रालय ने 30 हजार पद खत्म करने की खबर का किया खंडन

 

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (हि.स.)। रेल मंत्रालय ने उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें दावा किया गया था कि रेलवे 30,000 पदों को समाप्त कर रहा है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह दावा भ्रामक और तथ्यों पर आधारित नहीं है।

रेल मंत्रालय के अनुसार, “मैनपावर रेशनलाइजेशन” एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य समय के साथ अप्रासंगिक हो चुके पदों का पुनर्वितरण करना है। इन पदों को हटाया नहीं जा रहा, बल्कि उन्हें परिचालन और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा रहा है।

मंत्रालय ने कहा कि इस प्रक्रिया का मुख्य लक्ष्य मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग और कार्यकुशलता में वृद्धि सुनिश्चित करना है। रेलवे नेटवर्क के विस्तार और बढ़ती जरूरतों को देखते हुए कर्मचारियों की तैनाती को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

रेल मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए सुरक्षा श्रेणी में हजारों नए पद सृजित किए गए हैं। ऐसे में कुल स्वीकृत पदों में किसी तरह की शुद्ध कमी नहीं हुई है।

रेल मंत्रालय के अनुसार, इस तरह के पुनर्संरचना उपायों से संचालन में सुधार, सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार