राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून में छात्रों से करेंगे संवाद, विधायकों के साथ भी बैठक
देहरादून, 16 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को उत्तराखंड के देहरादून दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कांग्रेस विधायकों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक करने के अलावा 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।
कांग्रेस के अनुसार, राहुल गांधी दोपहर करीब 3:30 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह होटल हयात में पार्टी के विधायकों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में उत्तराखंड की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
इसके बाद राहुल गांधी शाम करीब पांच बजे देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में भाग लेंगे। कांग्रेस का कहना है कि कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर छात्रों के साथ खुला संवाद किया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह व चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह सहित वरिष्ठ नेता तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं के मुद्दों को सुनेंगे और उनसे सीधे संवाद करेंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं से जुड़े शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
वहीं राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून में प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के समर्थन में गुरुवार को शास्त्री नगर, कांवली स्थित अंबेडकर भवन के सामने कांग्रेस ने नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को उठाया गया।
इस दौरान छात्रों और युवाओं से 17 जुलाई को शाम पांच बजे बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल