राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान 16 अगस्त से आम जनता के लिए खुलेगा, प्रवेश के लिए केवल ऑनलाइन बुकिंग

 


नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान का ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव 16 अगस्त से 15 सितंबर तक आम जनता के लिए खुलेगा। इस दौरान उद्यान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक खुला रहेगा, जबकि अंतिम प्रवेश शाम 05 बजे तक मिलेगा। रखरखाव के कारण प्रत्येक सोमवार को उद्यान बंद रहेगा।

राष्ट्रपति भवन की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को खिलाड़ियों तथा शिक्षक दिवस पर 05 सितंबर को शिक्षकों के लिए अमृत उद्यान में विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

आगंतुकों का प्रवेश और निकास नॉर्थ एवेन्यू रोड के निकट स्थित गेट संख्या-35 से होगा। उद्यान में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा लेकिन इसके लिए केवल ऑनलाइन माध्यम से पूर्व बुकिंग अनिवार्य होगी। इच्छुक आगंतुकों को राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट पर जाकर अग्रिम स्लॉट बुक करना होगा। किसी भी दिन के लिए बुकिंग उससे एक दिन पहले सुबह 10 बजे बंद हो जाएगी। मौके पर किसी प्रकार की बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

उद्यान में आगंतुक अपने साथ मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबी, पर्स, हैंडबैग, पानी की बोतल, शिशुओं के दूध की बोतल और छाता ले जा सकेंगे। इनके अतिरिक्त किसी अन्य वस्तु को भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

आगंतुकों की सुविधा के लिए भ्रमण मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र, वर्षा आश्रय और शौचालय उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान के प्रवेश द्वार तक ‘शटल सर्विस फॉर अमृत उद्यान’ नाम से हर 30 मिनट के अंतराल पर सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक निःशुल्क शटल बस सेवा भी संचालित की जाएगी।

उद्यान भ्रमण के दौरान आगंतुक बाल वाटिका, प्लूमेरिया गार्डन, बरगद उपवन, बोनसाई गार्डन, बैबलिंग ब्रुक्स, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन सहित विभिन्न आकर्षक स्थलों का अवलोकन कर सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार