राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, गृहमंत्री ने देशवासियों को चैत्र नवरात्रि, नव संवत्सर की बधाई दी
नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और गृहमंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने गुरुवार को चैत्र नवरात्रि, नव संवत्सर, गुड़ी पड़वा पर देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति ने एक्स पर अपने संदेश में कहा, “चैत्र शुक्लादि, उगादी, गुड़ी-पड़वा, चेती-चांद, नवरेह एवं साजिबु-चेरोबा के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को मैं हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। देश के विभिन्न क्षेत्रों में नववर्ष के आगमन के स्वागत में मनाए जाने वाले ये उत्सव भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता के उल्लासपूर्ण प्रतीक हैं। मेरी मंगलकामना है कि ये सुखद पर्व सभी के जीवन में समृद्धि और नई आशाओं का संचार करें।”
उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में मनाए जाने वाले ये त्योहार पारंपरिक नव वर्ष की शुरुआत का प्रतीक हैं जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता में एकता को प्रतिबिंबित करते हैं। ये शुभ अवसर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई आशा लेकर आएं।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि वह मां भगवती से आपके अच्छे स्वास्थ्य, समृद्धि और वैभवशाली जीवन के लिए प्रार्थना करते हैं। ईश्वर इस नववर्ष सभी के जीवन में नई ऊर्जा, नवचेतना एवं समृद्धि का संचार करें।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मां दुर्गा की शक्ति और साहस एवं वसंत ऋतु की शुरुआत के प्रतीक का यह मंगल पर्व सभी को सुख-शांति और समृद्धि प्रदान करे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह पावन महापर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा आदिशक्ति की कृपा सदैव आप सब पर बनी रहे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि ये शुभ अवसर आपके जीवन को खुशियों, समृद्धि और नई शुरुआत से भर दें।
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह पावन अवसर हमारी समृद्ध सनातन परंपरा, संस्कृति और नवचेतना का प्रतीक है। मां दुर्गा की कृपा से सभी के जीवन में उन्नति और कल्याण का प्रशस्त हो यही मंगलकामना है ।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिहं शेखावत ने कहा कि मां भगवती आप सभी भक्तजनों को बल, बुद्धि, सुख एवं संपन्नता प्रदान करें, ऐसी उनकी कामना है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी