'मेरा भारत' युवाओं को नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम: डॉ मनसुख मांडविया
लखनऊ, 18 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शनिवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित विकसित युवा बनाएगा विकसित भारत विषय पर चिंतन शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बोलते हुए डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि 'मेरा भारत' युवाओं को नेतृत्व, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम है। यह मंच ऐसे सक्षम युवा नेतृत्व के निर्माण के लिए स्थापित किया गया है, जो विकसित भारत @2047 के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
डॉ. मांडविया ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग से एक लाख युवा नेताओं को तैयार करना है। उन्होंने जिला युवा अधिकारियों एवं एनएसएस पदाधिकारियों से कर्तव्य भाव एवं सेवा की भावना के साथ पंच प्रण के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया तथा स्वयं को युवा सशक्तिकरण का माध्यम मानने की अपील की। उन्होंने कहा, अपने कार्य को केवल रोजगार न समझें। आपकी जिम्मेदारी देश के युवाओं को जागरूक और सशक्त बनाना है। जब हम अधिकारी नहीं बल्कि सेवाप्रदाता बनकर कार्य करते हैं, तो परिणाम अधिक प्रभावी होते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने जमीनी स्तर पर अधिक व्यापक पहुंच बनाने का आह्वान करते हुए अधिकारियों से 15 अगस्त तक चल रहे मेरा भारत पंजीकरण अभियान को विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं स्थानीय समुदायों तक पहुंचाकर तेज़ करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, मेरा भारत को प्रत्येक युवा तक पहुंचाइए। प्रत्येक पात्र युवा को इस मंच से जोड़िए और अपने समर्पण एवं जमीनी सहभागिता के माध्यम से इस पंजीकरण अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दीजिए।
डॉ. मांडविया ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि अब इसके राष्ट्रीय संस्करण के साथ-साथ राज्य स्तरीय संस्करण भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे विकसित भारत @2047 की यात्रा में अधिक संख्या में युवा नेताओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी।
शिविर को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे ने कहा कि मेरा भारत दो करोड़ से अधिक पंजीकरणों के साथ देश का सबसे बड़ा युवा मंच बन चुका है, जो राष्ट्र निर्माण के प्रति युवाओं की बढ़ती प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, संवाद के बिना समाधान संभव नहीं है। सबसे अच्छे समाधान जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हमारे अधिकारियों के अनुभवों से निकलते हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा, यदि हम सभी एक ही दृष्टि के साथ कार्य करें, तो विकसित भारत के संकल्प को अवश्य पूरा करेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के युवा एवं खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मेरा भारत को नवाचार, राष्ट्रभक्ति एवं युवा नेतृत्व का आंदोलन बताते हुए कहा कि यह विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा, जब युवा जागृत होते हैं, तो केवल योजनाएं और संस्थाएं ही नहीं बदलतीं, बल्कि पूरा राष्ट्र बदल जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन