मेरठ से खुर्जा और सहारनपुर के बीच दो नई मेमू ट्रेनें चलाने को रेलवे की मंजूरी

 


नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। रेल मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि भारतीय रेलवे ने उत्तर प्रदेश में क्षेत्रीय रेल संपर्क मजबूत करने के लिए मेरठ सिटी से खुर्जा और सहारनपुर के बीच दो नई मेमू सेवाएं शुरू करने को मंजूरी दी है। दोनों सेवाएं मार्ग में पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव के साथ संचालित होंगी।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 64573 खुर्जा-मेरठ सिटी मेमू खुर्जा से दोपहर 1:15 बजे रवाना होकर शाम 5:20 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 64574 मेरठ सिटी-खुर्जा मेमू मेरठ सिटी से सुबह 11:25 बजे रवाना होकर शाम 4 बजे खुर्जा पहुंचेगी।

खुर्जा-मेरठ सिटी के बीच नई मेमू सेवा की यात्रा अवधि क्रमशः चार घंटे पांच मिनट और चार घंटे 35 मिनट होगी। इस सेवा के मार्ग में पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर ट्रेन का व्यावसायिक ठहराव होगा।

इसी तरह ट्रेन संख्या 64580 सहारनपुर-मेरठ सिटी मेमू सहारनपुर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर सुबह 8:10 बजे मेरठ सिटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 64579 मेरठ सिटी-सहारनपुर मेमू मेरठ सिटी से शाम 5:45 बजे रवाना होकर रात 8:40 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।

सहारनपुर-मेरठ सिटी सेवा की यात्रा अवधि क्रमशः दो घंटे 20 मिनट और दो घंटे 55 मिनट होगी। इस सेवा में भी मार्ग के सभी स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव दिया जाएगा।

मंत्रालय ने कहा कि दोनों नई मेमू सेवाओं से मेरठ सिटी को केंद्र में रखते हुए क्षेत्रीय रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को खुर्जा तथा सहारनपुर के बीच आवागमन के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार