मूल निवास व भू कानून की मांग को लेकर गरजे राज्य आंदोलकारी , पुतला फूंका
उत्तरकाशी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मूल निवास व भू कानून लागू करने की मांग को लेकर शुक्रवार को राज्य आंदोलनकारियों ने दो अक्टूवर को काला दिवस के रूप में मनाया। इस मौके पर आंदोलनकारियों ने रामपुर तिराह कांड के तत्कालीन पुलिस एवं भू कानून विरोधी उत्तराखंड शासन का पुतला दहन किया।
वहीं इसके बाद कलक्ट्रेट परिसर में ज्ञापन देने के लिए अधिकारियों की मौजूदगी न देख आंदोलनकारी भड़क उठे और कलक्ट्रेट परिसर की छत पर चढ़कर उग्र प्रदर्शन किया। मामले को बढ़ते देख एडीएम मुक्ता मिश्रा मौके पर पहुंची और आंदेलनकारियों को शांत कराया।
शुक्रवार को तय कार्यक्रम के अनुसार चिन्हित राज्य आन्दोलनकारी संयुक्त समिति के सदस्य केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डा. विजेन्द्र पोखरियाल के नेतृत्व में भैरव चोक में एकत्रित हुए। जहां से सभी राज्य आंदोलनकारी मांगो को लेकर प्रदर्शन करते हुए नगर क्षेत्र से होते हुए बस स्टैंड पहुंचे। जहां पर आंदोलनकारियों ने वर्ष 1994 में तत्कालीन पुलिस प्रशासन व उत्तराखंड शासन का पुतला दहन किया।
इस मौके पर आंदोलनकारियों ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर प्रदेश में सशक्त भू कानून लागू करने, सरकारी नौकरी के लिए मूल निवास अनिवार्य करने सहितराज्य पेंशन बढ़ोत्तरी सहित आंदोलकारियों को राज्य सेनानी का दर्जा दिए जाने की माग को लेकर आंदोलित है। लेकिन सरकार उनकी मांगो पर ध्यान नही दे रही है। जिस पर उन्होंने आक्रोश व्यक्त किया और चेतवानी दी कि जब तक सरकार ने उनकी मांगो पर विचार नही किया आंदोलन जारी रहेगा।
कलक्ट्रेट की छत पर चढ़कर जताया विरोध
मूल निवास व भू कानून की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों का उग्र प्रदर्शन भी देखने को मिला। बस अड्डे पर पुतला दहन करने के बाद जब आंदोलनकारियों कलक्ट्रेट पहुंचे तो कलक्ट्रेट के गेट पर बंद मिले। इस पर आंदोलनकारियों का गुस्सा उग्र हो गया और झटके से गेट खोल आंदोलनकारी कलकट्रेट में प्रवेश किया।
जहां आंदोलनकारियों ने कुछ देर तक प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। लेकिन आंदोलनकारियों की समस्याओं को सुनने व ज्ञापन देने के लिए जब कोई अधिकारी नही मिला तो आंदोलनकारियों का गुस्सा ओर उग्र हो गया। प्रदर्शन कर रहे केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विजेन्द्र पोखरियाल, संदीप बुटोला व यूकेडी नेता अरविंद बुटोला, कुलदीप कलूड़ा पीछे से कलक्ट्रेट की छत पर चढ़ गए। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने समझााने का प्रयास किया। लेकिन वह नही माने। मामले को बढ़ते देख एडीएम मुक्ता मिश्रा मौके पर पहुंची और आंदोलनकारियों को समझाया और उनसे ज्ञापन लिया। जिसके बाद मामला शांत हुआ।
प्रदर्शन करने वालो में विजेन्द्र पोखरियाल, संतोष सेमवाल, विजय बहादूर रावत, तेग सिंह राणा, खुशहाल सिंह बिष्ट, अशरफी देवी, गुड्डी देवी, सोना देवी, राजेन्द्र पैन्यूली, धनश्याम प्रसाद, जगत सिंह, प्रताप सिंह,मायाराम, विशन सिंह, विक्रम रावत, रमेश राणा, कृपाल सिंह, मूल चंद सिंह आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल