महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में जंगल से विस्फोटकों का जखीरा बरामद
गढ़चिरौली, 06 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के
गढ़चिरौली के जंगल में सी-60 के जवानों ने जमीन के नीचे दबाकर रखे गए विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया। यह कार्रवाई 04 नवंबर को की गई। पुलिस ने आज इस बारे में जानकारी दी।
जिले में माओवादियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे अभियान के बीच कोरची तहसील के ग्यारापत्ती पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत टव्वे जंगल में जमीन के नीचे गुप्त रूप से दबाकर रखे गए विस्फोटक और माओवादी सामग्री के बड़े जखीरे को बरामद किया गया। सी-60 कमांडो की कार्रवाई से माओवादी साजिश नाकाम हो गई और एक बड़ा हादसा टल गया है।
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि गढ़चिरौली के टव्वे जंगल क्षेत्र में माओवादियों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जमीन के नीचे छिपाकर रखी है। इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में सी-60 विशेष अभियान दल की गढ़चिरौली और प्राणहिता स्थित चार टुकड़ियों तथा बम निरोधक एवं पहचान दस्ते (बीडीडीएस) की दो टुकड़ियों को तत्काल अभियान के लिए रवाना किया गया।
अत्यंत दुर्गम और अंतरराज्यीय सीमा से सटे जंगल क्षेत्र में जवानों ने सतर्कता के साथ तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बीडीडीएस की टीम ने गहन जांच करते हुए जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए विस्फोटकों के जखीरे का पता लगाया।
बरामद सामग्री में 11 नग कुकर,
कॉर्टेक्स वायर के 03 बंडल,
03 किलोग्राम गन पाउडर,
04 डेटोनेटर
, 01 बैटरी, 250 ग्राम पटाखों का बारूद,
04 स्टील कंटेनर,
08 वायर बंडल, 01 सोलर प्लेट
अन्य माओवादी सामग्री मिली है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य से और किस स्थान पर करने की योजना थी।
इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक कार्तिक मधिरा, गोकुल राज जी., हर्षवर्धन बी. जे. और उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील उईके के मार्गदर्शन में की गई।इस अभियान में विशेष अभियान दल, प्राणहिता, इंटेलिजेंस सेल और बीडीडीएस के जवानों ने शामिल रहे।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी