मणिपुर में तीन घंटे में दो बार डोली धरती
इंफाल, 21 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर में मंगलवार सुबह तीन घंटे के अंतराल में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। भूकंप का पहली झटका सुबह 05 बजकर 59 मिनट 33 सेकंड एवं दूसरा झटका सुबह 09 बजकर 03 मिनट 25 सेकंड पर महसूस किया गया।
भारतीय सिस्मोलॉजी केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 और 3.3 मापी गई। पहला भूकंप मणिपुर कामजोंग जिले में जमीन के अंदर करीब 62 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप का एपिसेंटर 24.703 उत्तरी अक्षांश और 94.415 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। दूसरा भूकंप मणिपुर कामजोंग जिले में जमीन के अंदर करीब 56 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। जबकि, दूसरे भूकंप एपिसेंटर 24.737 उत्तरी अक्षांश और 94.185 पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
झटके महसूस होते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय